Latest Posts

शादी-समारोहों में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने निर्देश

जांजगीर-चांपा। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख होटल एवं मैरिज हॉल संचालकों की बैठक ली। बैठक में शादी एवं अन्य समारोहों के दौरान पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं समझाइश दी गई।

यातायात शाखा में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने जांजगीर मुख्यालय एवं अकलतरा क्षेत्र के होटल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि होटल एवं मैरिज हॉल में शादी-विवाह, जन्मोत्सव सहित अन्य बड़े आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। ऐसे अवसरों पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बार वाहन सड़क किनारे एवं अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं। इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित होता है तथा राहगीरों एवं आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार जाम की स्थिति बन जाती है और लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन आम आदमी का अधिकार है। किसी भी आयोजन के दौरान इमरजेंसी वाहनों जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड इत्यादि के आवागमन में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। होटल संचालकों को की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने व पार्किंग के लिए अलग से कर्मचारियों की तैनाती करने निर्देशित किया गया।

Latest Posts

Don't Miss