Latest Posts

हड़ताल से धान विक्रय पंजीयन सहित खाद्यान्न वितरण, वन संपदा की सुरक्षा प्रभावित

महासमुंद। मांगों को लेकर कई कर्मचारी संगठन इन दिनों हड़ताल पर हैं। वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी जहां डेढ़ माह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे वन संपदा की सुरक्षा व विभागीय कार्य ठप्प  है। वहीं, दो सप्ताह से सहकारी समितियों के कम्प्यूटर आॅपरेटरों ने भी काम बंद रखा है। इससे धान विक्रय के लिए किसानों का पंजीयन धीमी गति से चल रही है। इधर, छह सूत्रीय मांगों को लेकर पीडीएस के सेल्समेनों की हड़ताल से खाद्यान्न वितरण प्रभावित हो चुका है। जिले की  शासकीय उचित मूल्य दुकानों के सेल्समेन छह सूत्रीय मांगों को लेकर चार दिनों से अनिश्चतकालीन हड़ताल पर हैं। जिससे जिलेभर के आधे से ज्यादा राशन दुकानों में ताला लटका रहा तथा गरीबी रेखा के तहत जीवन यापन करने वाले परिवारों को खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। हालांकि जिन दुकानों को सोसायटियों द्वारा संचालित किया जा रहा है वे खुली हैं। जबकि, समूहों द्वारा संचालित दुकानें पूर्णत: बंद हैं। जानकारी के मुताबिक जिले की कुल 592 राशन दुकानों में 117 दुकानों का संचालन महिला समूह कर रही हैं। जबकि, 12 दुकानें ग्राम पंचायत चला रही हंै। हालांकि, वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत उपभोक्ता कहीं से भी राशन ले सकते हैं। लेकिन, अनेक कारणों से उपभोक्ता नियत दुकान से ही राशन ले पाते हैं।
दो माह से डटे हैं वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी
जिले के करीब 400 से अधिक वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी नियमितीकरण व स्थायीकरण की मांग को लेकर राजधानी में बीते दो माह से डटे हुए हैं। इसका असर भी विभाग में देखा जा रहा है। जांच चौकी से लेकर वन व गोदाम की रखवाली दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी ही करते आ रहे हैं। वहीं, डीएफओ कार्यालय में आॅनलाइन डाटा एंट्री का कार्य भी इन्हीं के जिम्मे हैं। जिससे वन विभाग का पूरा सिस्टम धीमी गति से चल रहा है।
नियमित कर्मचारी भी हड़ताल की तैयारी में
वन विभाग की तरह  जिले की सहकारी समितियों में कार्यरत कम्प्यूटर आॅपरेटरों के 15 दिनों से हड़ताल पर रहने से किसानों का पंजीयन कार्य जोर नहीं पकड़ पा रहा है। पंजीयन के लिए किसानों को कई- कई बार समितियों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इधर, वेतन अनुदान, सूखत में प्रावधान और भर्ती नियमों में संशोधन की मांग को लेकर समितियों के नियमित कर्मचारी भी दीवाली के बाद हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे हैं।

Latest Posts

Don't Miss