तीन दिनों में 10 लोगों से करीब 1.58 करोड रुपए से अधिक का गांजा बरामद
महासमुंद। ओडिशा से महासमुंद के रास्ते अन्यत्र राज्यों में गांजा ले जाने का सिलसिला जारी है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महज पिछले तीन दिनों में ही जिला पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गांजे की तस्करी करने वाले 10 लोगों से करीब 1.58 करोड रुपए से अधिक का गांजा जब्त किया है।
मंगलवार को सिंघोड़ा पुलिस ने बाइक में 12 लाख रुपए के गांजे का परिवहन कर रहे 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों जांच की जा रही थी। जांच के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही हीरो एक्सस्ट्रीम बाइक क्रमांक आरजे 02 क्यूबी 2626 को रोका गया। बाइक सवार दोनों व्यक्ति बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ा। भागने का कारण पूछने पर बैग में गांजा रखना स्वीकार किया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम पता बानसुर थाना बानसुर जिला अलवर राजस्थान निवासी कृष्णकांत शर्मा (23) और बसई जोगियान थाना गाजी जिला अलवर राजस्थान निवासी विक्रम गुर्जर (20) बताया। बाइक की तलाशी पर बैग में 24 किलो गांजा मिला। आरोपी गांजा को ओड़िशा से राजस्थान खपाने ले जा रहे थे।
पिछले तीन दिनों में सबसे अधिक सिंघोड़ा पुलिस की कार्रवाई
बता दें कि गत रविवार से बुधवार तक जिले में गांजा तस्करी के 6 प्रकरणों में कुल 3.76 क्विंटल गांजा पकड़ा गया है। जब्त गांजे की कुल कीमत 1 करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। उक्त 6 प्रकरणों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है वहीं एक फरार हो गया। तीन दिन के भीतर गांजा तस्करों को पकड़ने में सबसे अधिक कार्रवाई सिंघोड़ा पुलिस ने की। सिंघोड़ा पुलिस ने कुल चार प्रकरणों में 72.45 लाख रुपए का 1.80 क्विंटल का गांजा पकड़ा है। वहीं कोतवाली पुलिस ने 1.64 क्विंटल कीमती 82.45 लाख और कोमाखान पुलिस ने 32 किलो (6.40 लाख) का गांजा पकड़ा है।




