Farmer News: धान खरीदी के मुद्दे को लेकर किसान सडक़ पर उतरने की तैयारी में हैं। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि 26 नवंबर को प्रदेश भर के किसान रायपुर में मोतिबाग से राजभवन तक मार्च करेंगे। यह मार्च न सिर्फ धान के समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर होगा, बल्कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और किसानों पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ भी आवाज उठाई जाएगी। किसान संगठनों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल देने का वादा किया गया था। इसके अलावा केंद्र सरकार ने इस वर्ष एमएसपी में 186 रुपए की वृद्धि की है। इसलिए किसानों का स्पष्ट कहना है कि उन्हें इस बार कम से कम 3286 रुपए प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य मिलना चाहिए। किसानों का आरोप है कि धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अभी भी सिस्टम में कई तकनीकी चुनौतियां हैं, जिससे उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Farmer News: अब तक 195 उपार्जन केंद्रों में कुल 19,464 क्विंटल धान की खरीदी हुई
प्रदेश में धान खरीदी का काम सीमित उपार्जन केंद्रों में शुरू हो चुका है। अब तक 195 उपार्जन केंद्रों में कुल 19,464 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। हालांकि राज्य के कुल 2,739 उपार्जन केंद्रों में खरीदी संचालन के लिए तैयारियां पूरी होने का दावा किया गया है। सहकारी समितियों की हड़ताल के चलते खरीदी प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार ने आउटसोर्सिंग से 2,739 डेटा एंट्री ऑपरेटर नियुक्त किए हैं। किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन 1800-233-3663 भी जारी किया है ताकि खरीदी से जुड़ी समस्याओं का समाधान तुरंत हो सके।

Farmer News: इन मुद्दों को लेकर करेंगे प्रदर्शन
बेमौसम बारिश से फसल नुकसान और मुआवजा न मिलना
एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन की तकनीकी दिक्कतें
बिजली बिलों में बढ़ोतरी से किसानों पर बढ़ा बोझ
जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री को लेकर विरोध
सहकारी समितियों के कर्मचारियों का जारी आंदोलन
धान खरीदी को लेकर असमंजस और प्रशासनिक देरी
उपार्जन केंद्रों से अब तक 19 हजार क्विंटल से ज्यादा धान खरीदी



