Latest Posts

बोर्ड से पहले प्री-बोर्ड परीक्षा देकर अपनी मेहनत का आंकलन करेंगे विद्यार्थी

10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी घोषित

महासमुंद( संवाद साधना)। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वी-12वीं बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी घोषित कर दी है। साथ ही बोर्ड ने परीक्षा की आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी है। 12 वीं की परीक्षा एक मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक व 10 वीं की परीक्षा तीन से 24 मार्च तक चलेगी। बोर्ड परीक्षा से पहले विद्यार्थी प्री-बोर्ड परीक्षा में अपनी सालभर की पढ़ाई का आंकलन करेंगे। विभाग ने गत गुुरुवार को ही समय सारिणी घोषित की है।
बता दें कि बोर्ड परीक्षा के लिए दसवीं और बारहवीं के नियमित तथा स्वाध्यायी विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया के बाद बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू हो गयी है। सोमवार को दोनों ही बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी घोषित की गई।12वीं की परीक्षा एक मार्च को हिन्दी विषय से चालू होगी। वहीं 10वीं की भी हिन्दी विषय के साथ परीक्षा तीन मार्च से शुरू होगी। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षा सुबह 9 से शुरू होकर दोपहर 12:15 तक चलेगी। मालूम हो कि माशिमं ने प्रेक्टिकल परीक्षा की तिथि पहले ही घोषित कर दी है। दोनों कक्षाओं की प्रेक्टिकल परीक्षा 10 जनवरी से 31 जनवरी के बीच होगी। इस दौरान सभी स्कूल अपनी सुविधानुसार प्रेक्टिकल परीक्षा आयोजित करेंगे। इस बीच गत गुरूवार को संचालक लोक शिक्षण ने बोर्ड परीक्षा से पहले प्री- बोर्ड परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दी। अब 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा से पहले प्री-बोर्ड में अपनी सालभर की पढ़ाई का आंकलन करेंगे और उसी के आधार पर बोर्ड परीक्षा की तैयारी करेंगे। प्री-बोर्ड की जारी समय सारिणी के अनुसार दोनों ही कक्षाओं की परीक्षा 20 जनवरी से प्रारंभ होकर 29 जनवरी को समाप्त होगी।
पिछले साल 24 हजार से अधिक ने दी थी बोर्ड परीक्षा
मालूम हो कि जिले में सत्र 2023-24 में कक्षा 10वीं के लिए 14127 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिनमें 13927 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिले में 5041 छात्र और 6672 छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इस तरह 80.83 प्रतिशत छात्र व 86.88 छात्राओं ने सफलता हासिल की थी। कुल परीक्षा परिणाम 84.17 प्रतिशत रहा। इनमें चार विद्यार्थियों ने टॉप 10 में जगह बनाई। इसी प्रकार जिले में कक्षा 12वीं में 10428 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 10348 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिसमें 3907 छात्र और 5569 छात्राएं उत्तीर्ण हुए। कक्षा 12वीं में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.89 प्रतिशत व बालिकाओं का 93.62 प्रतिशत रहा। इस तरह जिले में 12वीं का परीक्षा परिणाम 91.61 प्रतिशत रहा।

Latest Posts

Don't Miss