ESMA News: रायपुर, धान खरीदी की व्यवस्था सुचारु रखने के लिए शासन द्वारा एस्मा लागू किए जाने के बाद भी ड्यूटी से अनुपस्थित कर्मचारियों पर अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। कलेक्टर के निर्देश पर तिल्दा, खरोरा और धरसींवा थानों में कृषि विभाग के चार कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम 1979 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। शासन द्वारा सहकारी बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण धान खरीदी केंद्रों में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद रामकुमार वर्मा, पोषण लाल धुरंधर, कौशल लाल वर्मा और ब्रजमोहन देवांगन ने आदेशों का पालन नहीं किया। इससे धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी, जिसके मद्देनजऱ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया।
एफआईआर में उल्लेख है कि एस्मा लागू होने के बाद किसी भी कर्मचारी द्वारा ड्यूटी से इंकार करना कानून का उल्लंघन है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और कृषि कार्यों से जुड़े दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए लापरवाह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर कार्यालय ने चेतावनी दी है कि आगे भी गैरहाजिर पाए जाने वाले कर्मचारियों पर इसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।



