Latest Posts

ई-केवाईसी कराने में दिलचस्पी नहीं, चौथी बार बढ़ी तिथि

 2 लाख 71 हजार 418 सदस्यों की ई-केवाईसी बाकी

महासमुंद। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित की जाने वाली राशन सामग्रियों में गड़बड़ी रोकने हितग्राही परिवार के हर सदस्यों को ई-केवाईसी कराना जरूरी है, लेकिन लोग इसमें दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। अभी भी करीब 25 फीसदी परिवारों के सदस्यों ने ई-केवाईसी नहीं कराई है। यही हाल पूरे प्रदेश का है जिसके चलते एक बार फिर संचालनालय खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण ने अब ई- केवाईसी की तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। यह चौथी बार है जब ई- केवाईसी की तिथि बढ़ी है। इससे पहले 30 सितंबर को ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख थी।
जानकारी के मुताबिक जिले में 3.10 लाख राशनकार्डधारी हैं, जिनमें 11 लाख 8 हजार 754 सदस्य हैं। अभी तक 8 लाख 37 हजार 336 सदस्यों की ही ई-केवाईसी हुई है, अभी 2 लाख 71 हजार 418 सदस्यों की ई-केवाईसी बाकी है। जो कुल लक्ष्य का 75.5 प्रतिशत है। बता दें  कि वन नेशन-वन राशन कार्ड के प्रावधानों के तहत अब सभी हितग्राहियों के आधार नंबर को राशन कार्ड से जोड़ा जाना है। राशन दुकानों में संचालकों के माध्यम से हितग्राहियों का आधार कार्ड नंबर और फिंगर प्रिंट लिया जा रहा है। तीन बार मोहलत के बाद भी अब तक करीब 2.71 लाख से अधिक ने केवाईसी और सत्यापन नहीं कराया है। ई- केवाईसी कराने के लिए अब अंतिम तिथि 31 दिसंबर हो गयी है। इससे पहले तीन बार अंतिम तिथि में बदलाव किया जा चुका है। शुरूआत में केवल जून तक का समय दिया गया था, पर राशन दुकान संचालकों की हड़ताल के चलते केवाईसी का काम पिछड़ गया था, बाद 31 जुलाई तक का समय दिया गया,पर लक्ष्य पूरा न होते देख 31 अगस्त और फिर 30 सितंबर और अब तीन माह बढ़ाकर 31 दिसंबर तक केवाईसी कराने का समय कर दिया गया है।
राशनकार्डधारियों को राहत
बत दें कि  राशनकार्डधारियों के सदस्यों को ई-केवाईसी के लिए अब परेशान होने की जरुरत नहीं है, क्योंकि इस बार अंतिम तिथि में बदलाव दिसंबर तक किया गया है। राशन दुकानों में आसानी से कार्डधारियों का सत्यापन हो रहा है साथ ही खाद्यान्न का वितरण भी बिना किसी परेशानी हो रही है। ई-केवाईसी के लिए हितग्राहियों ने परेशानियों का सामना किया है, लेकिन तिथि बढ़ने से अब राहत मिल गई है, लेकिन समय के पूर्व सभी कार्डधारियों के सदस्यों का सत्यापन अनिवार्य है। इस दौरान खाद्यान्न वितरण जारी रहेगा। ई-केवाईसी के डेटा अपडेशन के संबंध में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि दिसंबर तक समय बढ़ाई गई है। ई-केवाईसी का काम सभी राशन दुकानों में चल रहा है।

Latest Posts

Don't Miss