00 शहर में दुर्गाेत्सव को लेकर समितियां तैयारियों में जुटीं
महासमुंद। इस बार नवरात्र में शहर के बस स्टैंड दुर्गोत्सव समिति द्वारा विराजित प्रतिमा और झांकी आकर्षण का केन्द्र होंगी। पंडाल में न सिर्फ भक्तों को मथुरा-वृंदावन की झलक देखने को मिलेगी बल्कि देशभर में इस वर्ष मनाए गए आजादी के अमृत महोत्सव के साथ देशभक्ति की झलक भी दिखाई देगी।
समिति ने इसी थीम पर शहर के दादाबाड़ा मैदान में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। सामिति के भाऊराम साहू ने बताया कि पंडाल में मथुरा-वृंदावन की आकर्षक झांकी तैयार की जाएगी जिसमें माता की प्रतिमा के साथ ग्वाले गौ माता और बछड़े की प्रतिमा होगी। अंदर को हरे भरे पेड़ पौधों से सजाया जाएगा जहां मध्यक्रम में माता की करीब 15 फीट की भव्य मूर्ति सहित करीब 11 प्रतिमाएं होंगी। बाहर पंडाल को देश के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से सजाया जा रहा है जिससे इसमें देशभक्ति की झलक देखने को मिलेगी। पंडाल सजावट का कार्य पिछले 10 दिनों से चल रहा है जिसके लिए करीब दर्जनभर से अधिक मजदूर तैयारी में जुटे हैं।
भारत माता के दर्शन के पश्चात प्रवेश
पंडाल के प्रवेश द्वार में भारत माता के दर्शन होंगे। समिति के पदाधिकारियोंं ने बताया कि आजादी की 75 वीं वर्षगांठ इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के रुप में मनाया जा रहा है। इसी थीम पर नवरात्र पर्व का आयोजन करने पर सहमति बनी है जिसके लिए तैयारियांं की जा रही है। उनका कहना है कि माता के दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को देशभक्ति से जोडऩा है।
प्रतिमा तैयार करने में जुटे मूर्तिकार
गणेशोत्सव पर्व से पूर्व शहर सहित अंचल में मूर्तिकार माता की प्रतिमा तैयार करने में जुटे हैं। शहर के कुम्हारपारा के अलावा शहर के अन्य स्थानों पर माता की प्रतिमा तैयार की जा रही है। नवरात्र को सिर्फ 9 दिन शेष रह गए हंै। लिहाजा मूर्तिकार माता की तैयार हो चुकीं प्रतिमाओं को अंतिम रुप देने में जुटे हुए हैं। कोरोनाकाल के बाद इस वर्ष प्रतिमा को लेकर दुर्गोत्सव समिति के साथ लोगों में भी काफी उत्साह है।