Thursday, June 26, 2025

Latest Posts

भाजपा के देवीचंद चुने गए नगर पालिका उपाध्यक्ष

देवी को भाजपाई पार्षदों के अलावा निर्दलियों का भी मिला साथ

महासमुंद। महासमुंद नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए आज हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी देवीचंद राठी ने आज आसानी से जीत दर्ज की। उन्हे न केवल भाजपा के सभी 17 वोट मिले बल्कि निर्दलीय पार्षदों का भी साथ मिला। इधर, कांग्रेस प्रत्याशी जय कुमार देवांगन को मात्र 6 वोट ही हासिल हुए और एक वोट निरस्त हुआ।
बता दें कि आज महासमुंद नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव पालिका परिसर में शुरू हुआ। अपर कलेक्टर रवि साहू और पीठासीन अधिकारी डॉ रविराम ठाकुर ने चुनाव सम्पन्न कराया। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक उपाध्यक्ष व अपील समिति के सदस्य हेतु नाम निर्देशन प्रस्तुत किया गया, 11 से 11:40 तक निर्देशन पत्रों की जांच। 11:40 से 12 बजे तक नाम वापसी, दोपहर 12 से 12:30 तक अभ्यर्थियों की सूची जारी हुई, 12:30 से 1 बजे तक मतपत्र की तैयारी,  1  से 1:45 तक मतदान और उसके बाद मतगणना और परिणाम घोषित किया गया। भाजपा ने वार्ड 14 के पार्षद देवीचंद राठी को प्रत्याशी बनाया। वहीं कांग्रेस ने वार्ड-2 के पार्षद जय देवांगन को। मतदान प्रक्रिया में 30 पार्षदों सहित नपाध्यक्ष ने कुल 31 ने हिस्सा लिया। जिसमें भाजपा के देवीचंद राठी को कुल 24, कांग्रेस प्रत्याशी जय देवांगन को 6 मत मिले और एक मत निरस्त हुआ।
नगर पालिका चुनाव में भाजपा के 17, कांग्रेस के 7 और 6 निर्दलीय पार्षद चुनकर आए हैं। उपाध्यक्ष चुनाव के  परिणाम से स्पष्ट है कि भाजपा के देवीचंद राठी को भाजपा समेत निर्दलीय पार्षदों का साथ मिला। जीत के बाद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू व पार्षदों ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष देवीचंद राठी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
बागबाहरा में मिली हार से चौकन्ना हुए भाजपाई
विगत 17 मार्च को बागबाहरा नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद का चुनाव हुआ । यहाँ भाजपा का स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस के देवेश साहू ने जीत हासिल की और भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। महासमुंद में उपाध्यक्ष चुनाव की तिथि की घोषणा के बाद से ही भाजपाई चौकन्ना हो गई और एक दिन पूर्व अपने सभी 17 पार्षदों को शहर से बाहर ले गए जो आज सुबह ही शहर पहुंचे। आज मतदान के समय दो-चार की संख्या में एक-एक कर भाजपा पार्षद नगर पालिका पहुँचे और आखिरी में 6 निर्दलीय पार्षद देवीचंद के साथ मतदान के लिए पहुंचे थे। तभी से उनकी जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। अब बागबाहरा नगर पालिका को छोड़कर जिले की महासमुंद, सरायपाली नगर पालिका और तुमगांव, पिथौरा व बसना में उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा है।

Latest Posts

Don't Miss