Crime News: भिक्षुक केंद्र के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा, हत्या के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
Crime News:रायपुर, पंडरी इलाके में खुलेआम पिस्टल लेकर घूम रहे एक हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी नंदू शर्मा के कब्जे से एक पिस्टल और खाली मैग्जीन बरामद हुई है। आरोपी पहले भी हत्या और मारपीट जैसे मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार कहां से और किस मकसद से हासिल किया था।
Crime News: मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, मौके पर दबोचा गया आरोपी
पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर ने बताया कि अवैध रुप से हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना पंडरी पुलिस को सूचना मिली कि भिक्षुक केंद्र के पास एक युवक संदिग्ध हालत में पिस्टल लेकर घूम रहा है।
मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नंदू शर्मा, निवासी कुशालपुर तिरंगा चौक, थाना पुरानी बस्ती बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और खाली मैग्जीन बरामद हुई, जिसके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
Crime News: हत्या और मारपीट के मामलों में रह चुका है जेल
जांच में सामने आया कि आरोपी नंदू शर्मा पहले भी हत्या और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या फिर इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में आम्र्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Crime News: हथियार के स्रोत और नेटवर्क की जांच शुरू
डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि राजधानी में अवैध रुप से हथियारों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसने पिस्टल कहां से खरीदी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।




