रायपुर। दुर्ग जिले में 6 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर के गांधी मैदान में तीव्र विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय के समक्ष भाजपा सरकार का पुतला फूंका गया और गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफा देने की मांग की गई।
कांग्रेेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध दर और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कड़ी आलोचना की। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं, और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं और भाजपा सरकार केवल मूकदर्शक बनी हुई है। गिरीश दुबे ने इस अपराध को बेहद अमानवीय और शर्मनाक बताते हुए आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस की भूमिका सुस्त और लापरवाह रही। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन अंतत: पुतला फूंका गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।
बच्ची का चाचा निकला आरोपी
यह शर्मनाक घटना तब सामने आई, जब 6 साल की मासूम बच्ची को उसके चाचा ने ही हैवानियत का शिकार बना लिया। बच्ची के दादी के कन्या पूजन के दौरान, आरोपी ने बच्ची को पहले शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाया, फिर उसकी हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए उसे कार की डिक्की में रखा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह पुष्टि हुई कि आरोपी बच्ची का सगा चाचा था, जिसने सिगरेट से प्राइवेट पार्ट को दागने और इलेक्ट्रिक शॉक देने जैसी गंभीर यातनाएं दी थीं।



