Latest Posts

विधायक देवेन्द्र व निर्दोषों की नि:शर्त रिहाई न हुई तो लड़ी जाएगी सड़क से सदन तक की लड़ाई : कांग्रेस

24 को जिला स्तरीय धरना- प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

महासमुंद। बलौदाबाजार आगजनी मामले में साय सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए कांग्रेस के नेता सहित निर्दोषोंं को गिरफ्तार करा रही है। कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है साथ ही विपक्ष को बदनाम करने की साजिश है। उपरोक्त बातें आज कांग्रेस भवन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक चातुरीनंद ने पत्रकारवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि विधायक श्री यादव ने बलौदाबाजार के धरना पंडाल में न तो भाषण दिया और न ही कलेक्टर कार्यालय के प्रदर्शन में शामिल हुए। उनका किसी भी हिंसक प्रर्दशन की घटना में संलिप्तता का कोई साक्ष्य नहीं है, बावजूद उन्हें गिरफ्तार किया गया। जबकि भाजपा के कई नेताओं ने मंच साझा किया। पुलिस बताए कि किन भाजपा नेताओं को नोटिस दिया गया, उनसे क्या पूछताछ हुई? जिलाध्यक्ष सहित जन प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य कि भाजपा सरकार का चरित्र और व्यवहार 8 माह में ही अलोकतांत्रिक हो गया है। बलौदाबाजार घटना में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को चिन्हांकित कर जेल में डाला जा रहा है। उक्त घटना शासन और प्रशासन की बड़ी लापरवाही व सरकार की इंटेलीजेंस के फेल होने के कारण हुई। समय रहते शासन- प्रशासन सचेत हो जाता व समाज की सीबीआई जांच की मांग को पूर्व में मान ली जाती तो प्रदेश को शर्मशार कर देने वाली यह घटना नहीं होती। लचर कानून व्यवस्था और प्रशासन की लापरवाही के चलते सतनामी समाज के आंदोलन में असामाजिक तत्वों की घुसपैठ हुई और इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया।
कांग्रेस ने उठाए  कई सवाल
जिलाध्यक्ष सहित विधायकों ने बलौदाबाजार घटना के संबंध में कई सवाल उठाए, कि आंदोलन में भाजपा जिलाध्यक्ष सनम जांगड़े सहित अन्य भाजपा नेताओं की भूमिका की जांच कब होगी?, धरना-प्रदर्शन की इजाजत किसने दिलाई ?,  आंदोलन के लिए तमाम व्यवस्था किसने की ?,  घटना के बाद भड़काऊ भाषण किसने दिया?,  नागपुर से 250 से अधिक लोग आए वो कौन थे?,  चाकचौबंद कानून व्यवस्था क्यों नहीं रखी गई?,  घटना के वक्त पुलिस कहां थी?,  ऐसे कई सवाल हैं जिनका जबाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में 24 अगस्त को जिला स्तरीय धरना- प्रदर्शन किया जाएगा और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। बावजूद विधायक देवेन्द्र यादव व निर्दोष लोगों की नि: शर्त रिहाई न हुई तो सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ी जाएगी। पत्रकारवार्ता में नपाध्यक्ष राशि महिलांग, केशव चंद्राकर, सुनील शर्मा और संजय शर्मा भी मौजूद रहे।

Latest Posts

Don't Miss