मुख्यमंत्री ने जिले को दीं 703.96 करोड़ की सौगात,नवगठित 13 राजस्व अनुविभाग और 18 तहसीलों का वर्चुअल शुभारंभ
महासमुंद। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां शासकीय स्वामी आत्मानंद हिन्दी उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में राजीव गांधी किसान न्याय योजना एवं अन्य योजनाओं के तहत जिले को 703 करोड़ 96 लाख के 224 विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 71 करोड़ 8 लाख रुपए के 132 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 632 करोड़ 88 लाख रुपए के 92 विकास कार्यों का शिलान्यास-भूमिपूजन कार्य शामिल हैं। उन्होंने नगर पालिका महासमुंद को नगर निगम की घोषणा के साथ ग्राम पंचायत भोरिंग को नगर पंचायत और जिला मुख्यालय में कम्पोजिट बिल्डिंग के निर्माण को अगले वर्ष बजट में शामिल करने की घोषणा की। कार्यक्रम स्थल में मौजूद हजारों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उक्त घोषणाओं का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने न्याय योजनाओं के हितग्राहियों को 2055.60 करोड़ रूपए आॅनलाईन भुगतान किया। कार्यक्रम में राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राही लाभान्वित हुए एवं राजीव युवा मितान क्लबों को राशि तथा ग्राम पंचायतों को मिली परब सम्मान निधि की राशि शामिल हैं। इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने मुख्यमंत्री गौवंश मोबाइल चिकित्सा योजना मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना एवं मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की तर्ज पर शुरू किया। जिसके तहत चिकित्सायुक्त 163 मोबाइल वैन के माध्यम से गौठानों/ग्राम पंचायतों तक पहुंच सेवा एवं कॉल सेंटर के माध्यम से जीपीएस लगे मोबाइल वैन एवं पशु चिकित्सा सेवा की मॉनिटरिंग तथा परामर्श सुविधा प्रदान की जाएगी। मुफ्त पशु चिकित्सा सुविधा एवं परामर्श हेतु टोल फ्री नंबर 1962 जारी किया गया है। चिकित्सा वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री ने कृषि यांत्रिकीकरण पर सबमिशन घटक 3 योजना के 10 हितग्राहियों को टैÑक्टर एवं कृषि यांत्रिकीकरण पर सबमिशन घटक 4 योजना के एक हितग्राही को हार्वेस्टर की चाबी सौंपी। छत्तीसगढ़ बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा कृषि यांत्रिकीकरण पर सबमिशन घटक 3 योजना के तहत 10 हितग्राहियों को टैÑक्टर एवं सब्सिडी प्रदान की गई तथा विभागीय स्टॉलों में जाकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। पश्चात मंच पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत पश्चात उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती ‘सद्भावना दिवस’ के अवसर पर नवगठित 13 राजस्व अनुविभाग और 18 तहसीलों का वर्चुअल शुभारंभ किया। आज से राज्य में 13 नए राजस्व अनुविभाग और 18 तहसीलें अस्तित्व में आ जाएंगी और विधिवत कामकाज शुरू हो जाएगा। इन नवीन तहसीलों एवं अनुविभाग के प्रारंभ होने से राज्य में अब 122 राजस्व अनुविभाग एवं 250 तहसीलें हो गई है। इस दौरान कांगे्रस की चेयर पर्सन सोनिया गांधी का वीडियो संदेश जनता को सुनाया गया। मंच से कलेक्टर प्रभात मलिक ने प्रतिवेदन पढ़ा और विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने स्वागत भाषण दिया। पश्चात पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविंद्र चौबे, प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू और उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सभा को संबोधित किया।
हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल तक जगह-जगह भव्य स्वागत
इससे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मचेवा स्थित हेलीपैड पहुंचने पर संसदीय सचिव एवं महासमुंद विधायक विनोद चन्द्राकर, बसना विधायक देवेंन्द्र बहादुर सिंह, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक किस्मतालाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल,नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती राशि महिलांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, कलेक्टर प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ एस. आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने भी पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। पश्चात मुख्यमंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ इस दौरान मुख्यमंत्री का हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।
जनकल्याणकारी योजनाओं से छत्तीसगढ़ में 40 लाख गरीबी रेखा से बाहर
सद्भावना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर राजीव गांधी न्याय योजना अंतर्गत किसान, मजदूर, गरीब और गौ पालकों के खातों में द्वितीय किस्त की राशि 2055.60 करोड़ अंतरित की गई है। वहीं नवीन राजस्व कार्यालयों का शुभारंभ हुआ साथ ही न्याय योजनाओं के लिए राशि वितरित की गई है। सात सौ करोड़ के लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संग्रहण केंद्र और खरीदी केंद्र बढ़ाया गया है। जिसका परिणाम यह हुआ कि इस साल धान खरीदी में किसी प्रकार की दिक्कत नई हुई। सरकार किसान, मजदूर, युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है। नागरिकों को 5 लाख तक का खूबचंद बघेल योजना और 20 लाख तक का इलाज विशेष सहायता योजना के तहत किया जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को 2500 की जगह 4000 रुपए दिया जा रहा है। बिजली बिल हाफ योजना के तहत 42 लाख परिवारों को लाभ मिल रहा है। किसानों को सिंचाई के लिए करोड़ों की सब्सिडी दी जा रही है। प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं की वजह से आज प्रदेश में 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर हो गए हैं। गरीब परिवारों के बच्चे अच्छे अंग्रेजी स्कूलों में पढ़ सकें इसके लिए प्रदेशभर में 377 अंग्रेजी माध्यम और 349 हिन्दी उत्कृष्ठ विद्यालय खोले गए हैं। साथ ही कॉलेज भी खोले जा रहे हैं। आज देश-विदेश में आदिवासी महोत्सव की चर्चा है। हमने सिरपुर को संवारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार आपकी सरकार है। राज्य पर सबका अधिकार है चाहे व किसान हो, मजदूर हो या युवा, सरकार भले ही घाटे में हो लेकिन किसान को घाटा नहीं होने देंगे। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत, नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, राज्य सभा सांसद फूलोदेवी नेताम, मंत्री अमरजीत भगत सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, चारों विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



