चोरी की बढ़ती वारदातों से नागरिक व व्यवसायियों में दहशत
महासमुंद। स्टेशन रोड की चार दुकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने रविवार रात लगभग सवा लाख से अधिक की नकदी पार कर दिए। आज सुबह जब दुकान खोलने दुकानदार पहुंचे तो उन्हे ताला टूटने की जानकारी हुई ।
बता दें कि शहर में इन दिनों चोरियों की लगातार वारदात बढ़ रही है जिससे आम जनता सहित व्यापारी दहशत में हैं। जानकारी के अनुसार मेहता प्रोविजन, गौरव प्रोविजन, प्रिया वस्त्रालय और प्रदीप क्लाथ चारों दुकानें एक लाइन से स्टेशन मार्ग पर स्थित है । आज सुबह मेहता प्रोविजन के संचालक निखिल मेहता दुकान खोलने पहुंचे तो उनकी दुकान के शटर का ताला सामने नाली में पड़ा था, यही स्थिति बगल की दुकान गौरव प्रोविजन, प्रिया वस्त्रालय और प्रदीप क्लाथ का भी थीं। इन दुकानों का भी ताला अज्ञात ने कटर या आरी से काटकर नाली में फेंक दिया था। सूचना के बाद पुलिस ने मुआयाना किया। मेहता प्रोविजन के संचालक ने बताया कि वे हर रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए। आज सुबह आकर देखा तो दुकान के शटर का ताला गायब था। चोरी होने के संदेह पर दुकान के अन्दर जाकर देखा तो गल्ले से करीब 12-15 हजार रुपए गायब थे। इसी तरह अज्ञात ने गौरव प्रोविजन के गल्ले से 50 हजार और प्रिया वस्त्रालय से 70 हजार पार कर दिया। वहीं प्रदीप क्लाथ का गल्ला तोड़ने की कोशिश में अज्ञात सफल नहीं हो पाए। दुकान संचालकों ने बताया कि चोरों ने दुकान से केवल नकदी ही पार की है।
शहर में बढ़ रही चोरियां
मालूम हो कि शहर के मुख्य लोहिया चौक में एक ही रात में चार दुकानों के शटर का ताला टूटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। कुछ दिन पूर्व ही गंजपारा स्थित एक दुकान के शटर का ताला तोड़कर अज्ञात ने मानिटर पार की थी। चोरी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कोतवाली प्रभारी शशांक पौराणिक ने बताया कि फिलहाल पुलिस को मौखिक जानकारी मिली है, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। दुकानों से कितने की चोरी हुई है, जांच चल रही है।



