Chhattisgarh RSS News: 2000 स्थानों पर पथ संचलन, घर-घर पहुंचेगा संघ का संदेश
Chhattisgarh RSS News: रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत कर चुका है। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित अभूतपूर्व आयोजन में 2 से 15 अक्टूबर के बीच 2000 स्थानों पर पथ संचलन किए गए, जो अब तक का सबसे बड़ा और लंबा पथ संचलन अभियान है। इस दौरान समाज के सभी वर्गों को जोडऩे और संगठन की शक्ति का प्रदर्शन करने का उद्देश्य रखा गया है। यह अभियान हर हिंदू परिवार तक संघ का संदेश पहुंचाने की योजना के तहत चलाया जा रहा है।
Chhattisgarh RSS News: एक नवंबर से घर-घर संपर्क अभियान
आरएसएस अब अपने शताब्दी वर्ष के दूसरे प्रमुख कार्यक्रम की शुरुआत कर रहा है। घर-घर संपर्क अभियानग, जो 1 नवंबर से शुरू होकर पूरे नवंबर माह तक चलेगा। इस अभियान के तहत स्वयंसेवक प्रदेश के सभी हिंदू परिवारों के घरों तक जाएंगे, संघ के 100 वर्षों की यात्रा और कार्यों की जानकारी देंगे और प्रत्येक घर को भारत माता की तस्वीर भेंट करेंगे। साथ ही संघ का साहित्य भी वितरित किया जाएगा, जिसमें एक 15 रुपए मूल्य की पुस्तक भी शामिल होगी। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को संगठन से जोडऩा और संघ की शाखाओं का विस्तार करना है।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 1855 शाखाएं सक्रिय हैं।
Chhattisgarh RSS News: दिसंबर में होंगे हिंदू सम्मेलन
संघ ने अपने शताब्दी वर्ष में समाज को और सशक्त बनाने के लिए हिंदू सम्मेलनों की शृंखला तय की है। दिसंबर महीने में ये सम्मेलन आरएसएस के 1601 मंडलों और शहरी क्षेत्रों की 666 बस्तियों में आयोजित होंगे। एक मंडल में औसतन 8 से 10 गांव शामिल हैं, यानी प्रदेश के 19 हजार से अधिक गांव इस आयोजन से जुड़ेंगे। सम्मेलनों में साधु-संत, सामाजिक नेतृत्वकर्ता और विभिन्न समुदायों के प्रमुख शामिल होंगे। इनका उद्देश्य समाज में एकता, जागरूकता और संगठन की भावना को मजबूत करना है।
आरएसएस ने आगामी महीनों में भी कई आयोजन तय किए हैं –
जनवरी 2026 – युवा महोत्सव
221 स्थानों पर आयोजन,
जिसमें 152 खंड और 6 9 नगरों के युवा शामिल होंगे।
युवाओं की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा होगी।
मार्च 2026- प्रमुख जन गोष्ठी
ऑटो, ट्रक, टैक्सी चालक, किसान, व्यापारी, वकील जैसे वर्गों के प्रमुखों को आमंत्रित किया जाएगा। इन गोष्ठियों में समाज के विभिन्न वर्गों के अनुभव साझा किए जाएंगे और संगठनात्मक एकता पर विमर्श होगा।



