Latest Posts

CG Vidhansabha News: CM साय ने पुराने विधानसभा भवन की ऐतिहासिक भूमिका और 25 साल की यात्रा को किया रेखांकित

CG Vidhansabha News: रायपुर, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पुराने भवन में मंगलवार को विशेष सत्र बुलाया गया था, जिसमें 25 साल की संसदीय यात्रा पर चर्चा की गई। इस दौरान पक्ष-विपक्ष के सदस्य सदन में मौजूद रहे, जिन्होंने अपने अनुभव, संसदीय स्मृतियां और विधानसभा से जुड़ी यादें साझा कीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस विशेष सत्र की तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने न सिर्फ 25 वर्षों की संसदीय यात्रा को रेखांकित किया, बल्कि विधानसभा भवन की भूमिका, लोकतांत्रिक परंपराओं और प्रदेश के विकास-पथ की एक व्यापक तस्वीर भी पेश की।

CG Vidhansabha News: यह भवन प्रदेश के विकास, समृद्धि और मजबूत लोकतंत्र का आधार स्तंभ रहा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पर लिखा- छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक यात्रा में वर्तमान विधानसभा भवन हमारी सामूहिक कार्यसंस्कृति, संवाद, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और जनसेवा के संकल्प का साक्षी रहा है। पिछले 25 वर्षों में इस भवन ने अनगिनत ऐतिहासिक निर्णयों, महत्वपूर्ण बहसों और जनहित से जुड़े विधेयकों को जन्म लेते देखा है। यह भवन प्रदेश के विकास, समृद्धि और मजबूत लोकतंत्र का आधार स्तंभ रहा है।

CG Vidhansabha News: जिम्मेदारियों और भविष्य की चुनौतियों के प्रति हमें और अधिक दृढ़ता

सीएम साय ने बताया कि विधानसभा के विशेष सत्र के अवसर पर, इस ऐतिहासिक भवन की अविस्मरणीय स्मृतियों को संजोते हुए हमने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कैबिनेट के सम्माननीय सदस्यों, विधायकगणों, अधिकारी-कर्मचारियों, पत्रकार साथियों एवं अन्य सभी सहयोगियों के साथ स्मरणीय तस्वीरें लीं। यह क्षण न केवल हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, बल्कि आगामी जिम्मेदारियों और भविष्य की चुनौतियों के प्रति हमें और अधिक दृढ़ता, प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की प्रेरणा भी देता है।

CG Vidhansabha News: बीते वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई इबारत लिखी

हम सभी के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ ने बीते वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई इबारत लिखी है। अब जब हम नए विधानसभा भवन की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, तब यह पुराना भवन अपनी हर दीवार, खिड़की और आंगन के साथ हमारी स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा। यह स्थान छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संसदीय परंपरा, सुसंस्कृत संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों का सजीव प्रमाण है।

CG Vidhansabha News: रजत जयंती में योगदान देने वाले नेताओं को श्रद्धांजलि

विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा की रजत जयंती में योगदान देने वाले तीन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल और समर्पित जनप्रतिनिधि राधेश्याम शुक्ला के योगदान को याद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने को राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि उनका निधन राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

CG Vidhansabha News: 14 दिसंबर से शुरू होगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से शुरू होगा, जो 17 दिसंबर तक यानी 4 दिनों तक चलेगा। 14 दिसंबर को विकसित भारत 2047 पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि चार दिवसीय सत्र नए विधानसभा भवन में आयोजित होगा। अधिसूचना जारी होना बाकी है।

 

Latest Posts

Don't Miss