CG Sports News: प्रीति यादव बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
CG Sports News: रायपुर, बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर वुमेंस वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरुणाचल प्रदेश को 8 विकेट से हराकर लगातार छठवीं जीत दर्ज की। बड़ौदा में खेले गए इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ की गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए एकतरफा जीत हासिल की।

CG Sports News: अरुणाचल 102 रन पर ऑलआउट
अरुणाचल प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन छत्तीसगढ़ की सटीक गेंदबाजी के सामने टीम टिक नहीं सकी। अरुणाचल प्रदेश की पूरी टीम 48.4 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से नबाम यपु ने 42 रन और अर्चिता पवार ने 31 रन का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से मेहक नरवासे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। अदिति पनवार ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी, जबकि प्रीति यादव और उर्मिला हरिना ने 1-1 विकेट लेकर टीम की स्थिति मजबूत की।
CG Sports News: प्रीति की अर्धशतकीय पारी से आसान जीत
103 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और सिर्फ 8.3 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रीति यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाकर टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।
उनके अलावा शिल्पा साहू ने 27 रन नाबाद और कप्तान कृति गुप्ता ने 20 रन नाबाद बनाकर टीम को मजबूत अंत दिलाया। अरुणाचल प्रदेश की ओर से चुखु अनाम ने 2 विकेट लिए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सकीं।
CG Sports News: लगातार छठवीं जीत से बढ़ा टीम का आत्मविश्वास
इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ महिला टीम ने टूर्नामेंट में लगातार छठवीं जीत दर्ज कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। गेंदबाजों और बल्लेबाजों के संतुलित प्रदर्शन से टीम का मनोबल ऊंचा है। प्रीति यादव को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टीम के इस शानदार प्रदर्शन से आने वाले मुकाबलों में भी जीत की उम्मीद और मजबूत हो गई है।




