Cg Road Safety Month: सडक़ सुरक्षा माह के तहत दोपहिया चालकों को नियम पालन का संदेश
Cg Road Safety Month: रायपुर, सडक़ सुरक्षा माह के अंतर्गत रायपुर यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खाद्य सामग्री की डिलीवरी करने वाले डिलीवरी बॉय को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उन्हें नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही शहर में हेलमेट रैली निकालकर आम लोगों को भी सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।

यातायात पुलिस कार्यालय में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में डिलीवरी कार्य से जुड़े युवाओं को बताया गया कि तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में सडक़ दुर्घटनाओं में 621 लोगों की मृत्यु हुई, जिनमें से 429 मौतें दोपहिया वाहन चालकों और सवारों की थीं। इनमें अधिकांश मामलों में सिर में गंभीर चोट लगना मौत का प्रमुख कारण रहा।

Cg Road Safety Month: डिलीवरी का दबाव होने के बावजूद यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए
कार्यक्रम के दौरान डिलीवरी बॉय को समझाया गया कि समय पर डिलीवरी का दबाव होने के बावजूद यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। जीवन की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि हर चालक के पीछे उसका परिवार जुड़ा होता है। हेलमेट पहनने से दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोट से बचाव संभव है। यातायात पुलिस के सहयोग से डिलीवरी बॉय को कुल 105 हेलमेट वितरित किए गए। इन हेलमेट में ब्लूटूथ सुविधा उपलब्ध है, जिससे वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और ध्यान भटकने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा।
Cg Road Safety Month:यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया
कार्यक्रम के समापन पर सभी डिलीवरी बॉय को हेलमेट पहनाकर यातायात कार्यालय से कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक और पचपेड़ी नाका चौक तक हेलमेट रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को भी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। यातायात पुलिस ने अपील की है कि सभी दोपहिया वाहन चालक अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें और हेलमेट को अपनी आदत बनाएं। कार्यक्रम में डीएसपी सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह द्वारा यातायात नियमों की जानकारी दी गयी।




