CG kidnapping news: दुर्ग। जिले में नाबालिग के अपहरण की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड सहित पांच लाेगाें काे अमलेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अपहरण की साजिश में प्रार्थी के रिश्तेरार भांजा शामिल है, जिन्हाेंने एक कराेड़ रुपए फिराैती की मांग की थी। पुलिस ने रिपाेर्ट दर्ज के कुछ हीं घंटाें बात आराेपियाें काे गिरफ्तार किया। अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को प्रार्थी ने अमलेश्वर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका नाबालिग पुत्र मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक अमलेश्वर बुलाए जाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर धमकी और फिरौती संबंधी संदेश दिए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। जांच के दौरान लोकेशन धमतरी क्षेत्र में मिलने पर दुर्ग पुलिस ने धमतरी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की और सभी आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड संजय साहू है, जो पीड़ित परिवार का परिचित और रिश्ते में भांजा बताया गया है। आरोपी ने हेम पुष्पा साहू नामक महिला साथी के माध्यम से हनी ट्रैप की योजना तैयार कर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश को अंजाम दिया। आरोपियों ने आर्थिक लाभ एवं फिरौती प्राप्त करने के उद्देश्य से इस अपराध को स्वीकार किया है।
पुलिस ने मामले में संजय साहू, शैलेंद्र लहरे, कृष्णा साहू उर्फ करण, रविंद्र लहरे और हेम पुष्पा साहू को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन (सेंट्रो कार) और छह मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। मामले में दुर्ग पुलिस बीएनएस की धारा 137(2), 140(3), 351(3), 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई कर रही है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
CG kidnapping news: गिरफ्तार आरोपियों के नाम
शैलेन्द्र लहरे (25 वर्ष) निवासी चंगोराभाटा, रायपुर
कृष्णा साहू उर्फ करण (28 वर्ष) निवासी चंगोराभाटा (मास्टरमाइंड)
रविंद्र लहरें (20 वर्ष) निवासी चंगोराभाटा, रायपुर
संजय साहू (25 वर्ष) निवासी अमलेश्वर
हेम पुष्पा साहू (24 वर्ष) निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र
CG kidnapping news: दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया और अज्ञात व्यक्तियों के संपर्क में सतर्क रहें तथा हनी ट्रैप जैसी घटनाओं से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



