CG Accident News: रायपुर। धमतरी, बालाेद, जगदलपुर अाैर जांजगीर चांपा में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। धमतरी जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में 4 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। वहीं जगदलपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र का है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र का है।
CG Accident News:धमतरी में अलग-अलग हादसों में 4 मौतें
पहली घटना धमतरी के अस्पताल पुलिस चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम ढेठा चौकी बिरेझर का रहने वाला योगेश्वर ध्रुव (37) पेशे से ड्राइवर था। सुबह वह बाइक से ससुराल सिवनी जा रहा था। दरबा पहुंचते ही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
CG Accident News:घायल को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दूसरी घटना धानापुरी थाना क्षेत्र की है। गुरूर निवासी अकबर सलाम (60) अपने मोपेड से गिर गए थे। उन्हें बाइक से इलाज के लिए गुरूर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम चुल्हापथरा के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में अकबर सलाम सहित 3 लोग घायल हो गए। सभी को पहले गुरूर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया। धमतरी में जांच के बाद डॉक्टरों ने अकबर को मृत घोषित कर दिया।
इसी घटना में गंभीर रूप से घायल त्रिलोक ध्रुव को रायपुर रेफर किया गया, जबकि अकबर के बेटे को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
CG Accident News:2 बाइकों में भिड़ंत
तीसरी घटना भखारा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक बालोद के रहने वाले भागवत साहू (42) ग्राम कोर्रा से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हंचलपुर के पास सामने से आ रही बाइक (CG 07 DC 0195) से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद उन्हें घायल अवस्था में 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि बाइक सवार 2 अन्य घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

CG Accident News:पेड़ से टकराई बाइक
चौथी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। ग्राम गिरौद (मेघा) निवासी भूपेंद्र साहू धमतरी के एक शोरूम में काम करता था। वह अपनी बाइक से तीन बच्चों के साथ बोड़रा से भेंड्री जा रहा था। जैन बाड़ी के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद एंबुलेंस की मदद से शिवा प्रधान और अन्य साथियों ने भूपेंद्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में घायल तीनों बच्चे सुमित साहू (12), सूर्यकांत साहू (10) और डिकन साहू (10) का इलाज जारी है।
CG Accident News:जगदलपुर में दंपती की मौत
पांचवी घटना जगदलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक आसना जामगुड़ा निवासी सुखनाथ कश्यप अपनी पत्नी फुलमनी को लेकर घरेलू काम से भानपुरी बाइक से गया हुआ था। वापसी के दौरान तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई, जबकि कार सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार 3 लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने दंपती के शवों का पंचनामा कर पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना में दंपती की जान गई है। मर्ग कामय कर जांच की जा रही है।
CG Accident News:मॉर्निंग वॉक पर निकले शख्स की मौत
छठवीं घटना जांजगीर-चांपा के बिर्रा थाना क्षेत्र की है। बिर्रा निवासी चौटी लाल पटेल (56, वार्ड क्रमांक 9) हर दिन की तरह सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे, जब वे तलदेवरी-बिर्रा मुख्य मार्ग पर स्थित कोसा तालाब के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चौटी लाल पटेल का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सुबह के समय सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। इसके बाद तत्काल बिर्रा थाना पुलिस को सूचित किया गया।
CG Accident News:पुलिस बोली- जल्द होगी आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही वाहन और आरोपी चालक का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



