Latest Posts

मतदान के लिए सभी वर्गों में उत्साह

दोपहर एक बजे तक 42.14  प्रतिशत मतदान, केंद्रों में मतदाताओं की कतार

महासमुंद। जिले में शहर सहित ग्रामीण अंचलों में आज उत्सव सा माहौल है, मौका है लोकतंत्र के महापर्व के दूसरे चरण में मतदान का। आज जिले के मतदाता इवीएम का बटन दबाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पहली मतदान कर रहे युवक-युवतियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान के लिए कतारों में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की संख्या अधिक है। हालांकि सुबह मतदान की गति धीमी रही पर जैसे- जैसे दिन का तापमान बढ़ता रहा वैसे-वैसे मतदान के प्रतिशत में तेजी देखी गयी। शुरूआत के एक घंटे में जिले में 6.09 प्रतिशत मतदान हुआ था वहीं दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 42.14 प्रतिशत हो गया।
बता दें जिले की महासमुंद, खल्लारी, बसना और सरायपाली विधानसभा में इस बार 53 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिनके भाग्य का फैसला आज जिले की 8 लाख 55 हजार 503 मतदाता इवीएम का बटन दबाकर कर रहे हैं। जिले में वर्ष 2013 को छोड़कर अब तक मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में रहा है। महासमुंद विधानसभा से कांग्रेस की डॉ रश्मि चंद्राकर की सीधी टक्कर भाजपा के योगेश्वर राजू सिन्हा से है। इसी तरह  खल्लारी से भाजपा की अलका चंद्राकर का कांग्रेस के द्वारिकाधीश यादव से, बसना से कांग्रेस के देवेन्द्र बहादुर सिंह का भाजपा के संपत अग्रवाल से है पर सरायपाली में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला यहाँ से कांग्रेस से चातुरी नंद , भाजपा की सरला कोसरिया और जेसीसीजे के प्रत्याशी किस्मतलाल नंद के बीच मुकाबला हो रहा है। आज सुबह आठ बजे से जिले के 1079 मतदान केन्द्रों में मतदान शुरू हुआ। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। मतदान केन्द्रों में पहुंचने वाले मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते दिखे और मतदान के बाद सेल्फी भी ली।
बाक्स –
दिव्यांग और वृद्धजनों को ई-रिक्शा की सुविधा
मतदान के लिए कोई छूट न जाए इसके लिए जिलेभर के मतदान मित्र दिव्यांग और वृद्धजनों के लिए ई-रिक्शा लेकर उनके घर तक पहुंच रहे हंै। उन्हें ई रिक्शा से मतदान केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है। केंद्र में व्हीलचेयर में बिठाकर मतदान कक्ष तक ले जाया गया । ऐसे लोगों ने कहा कि अगर प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा की व्यवस्था नहीं की जाती तो शायद हम अपने मतदान का प्रयोग नहीं कर पाते।
101 वर्ष की उम्र में मतदान के प्रति उत्साह बरकरार
101 वर्षीया श्रीमती केशर कंवर जैन का मतदान के प्रति उत्साह आज देखते ही बना। वह अपने नाती के साथ खल्लारी स्थित मतदान केंद्र पहुंची और मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार खुद चलकर गईं थीं इस बार स्वास्थ्य खराब होने के कारण हुए आपरेशन के चलते व्हील चेयर का सहारा लेना पड़ा। मैं हर चुनाव नगरपालिका, विधानसभा, लोकसभा में हमेशा मतदान करती हूं। लोकतंत्र के इस महापर्व में इस उम्र में भी उनका मतदान का जज्बा दूसरों के लिए प्रेरणादायी है।
सेल्फी जोन  के मुरीद हुए मतदाता
जिले में मतदान आज सुचारू रूप से जारी है। जिले में कुल 40 संगवारी केंद्र और 20 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केदो में विशेष तौर पर  सजावट की गई है ।सेल्फी पॉइंट पर मतदान के बाद युवाओं से लेकर बुजुर्ग सभी सेल्फी जोन में अपनी तस्वीर कैद कर रहे हैं  और मतदान को यादगार बना रहे हैं। कई आदर्श मतदान केंद्रों  को फूल मालाओं से सजाया गया है जो आकर्षण का केंद्र है। इसी तरह यहां मतदाता मित्र भी वरिष्ठजनों का दिव्यांग मतदाताओं का भरपूर सहयोग कर रहे हैं। कई स्थानों पर तिलक और आरती कर भी मतदाताओं का स्वागत किया जा रहा है।
मतदाताओं का सहयोग कर रहे हैं मतदाता मित्र
मतदान केंद्रों में मतदाताओं के सहयोग के लिए मतदाता सहायक (वोटर असिस्टेंट) उपलब्ध होंगे। वोटर असिस्टेंट द्वारा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम ढूंढ़ने और मतदान केंद्र के संबंध में जानकारी प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा मतदाता मित्र के रूप में एनएसएस के 829 व स्काउट गाइड के  800 कैडेट्स भी मतदान केंद्रों में दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों तथा शारीरिक रूप से अक्षम मतदाताओं को सहयोग प्रदान करने व व्हील चेयर, पेयजल, प्राथमिक स्वास्थ्य उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं। वरिष्ठ मतदाता अमृत बाई ने कहा कि इनके सहयोग से ही हम मतदान केन्द्र तक मतदान करने पहुंचे है।
30 हजार से अधिक युवा मतदाता
जिले के युवाओं में मतदान के लिए खासा उत्साह देखा जा रहा है। पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर युवाओं के चेहरे पर खुशी देखी गईे। जिले में इस बार  18-19 साल के 30 हजार 390 युवा मतदाता हंै। इनमें से अधिकांश पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
थर्ड जेंडर ने भी निभाई भागीदारी
जिले में तृतीय लिंग के 20 मतदाता हैं। वे इस बार मतदान के लिए काफी उत्साहित हैं। बागबाहरा निवासी सारिका ने कहा कि हमने इस बार वीडियो के माध्यम से न केवल थर्ड जेंडर से बल्कि सभी से मतदान करने की अपील की है। निश्चित रूप से इसका असर देखने को मिलेगा। हमने सभी अपने साथियों को मत देने का आग्रह किया है। लोकतंत्र के इस पर्व में हमारी भी भागीदारी सुनिश्चित होगी। 
महिला मतदाताओं की कतार लंबी
जिले में 4 लाख 33 हजार 714 महिला मतदाता हैं। आज मतदान के दिन मतदान केन्द्रों में महिला मतदाताओं की लंबी कतार रही। जिला मुख्यालय के आदर्श मतदान केन्द्रों में पुरुष की अपेक्षा महिलाएं लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार करती दिखीं। जिले की चार विधानसभा सीट पर सबसे अधिक बसना विधानसभा में महिला मतदाता हैं। यहाँ 1 लाख 13 हजार 927, खल्लारी में 1 लाख 10 हजार 438, महासमुंद में 1 लाख 6 हजार 680 और सरायपाली में सबसे कम 1 लाख 2 हजार 669 महिला मतदाता हैं। पिछले विधानसभा के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं का वोट प्रतिशत भी पुरूषों की अपेक्षा अधिक ही रहा है। ऐसे में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
बाक्स-
पिछले चार विधानसभा में औसत 80 फीसदी से अधिक वोटिंग
इस बार अब तक जिले के 1079 मतदान केन्द्रों में दोपहर एक बजे तक 42.14 प्रतिशत मतदान हो चुका था । पिछले चार विधानसभा के चुनाव में कुल 27 लाख 4 हजार 560 मतदाताओं में से 21 लाख 79 हजार 984 ने मताधिकार का प्रयोग किया था जो कुल मतदाताओं का औसत 80.6 प्रतिशत था। वर्ष 2003 से 2018 तक के विधानसभा चुनाव पर विधानसभावार नजर डालें तो 2018 में सबसे अधिक मतदान बसना विधानसभा में हुआ था। यहाँ 2 लाख 4 हजार 420 मतदाता में 1 लाख 75 हजार 405 मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया, यानि कुल 85.8 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार 2013 में 1 लाख 89 हजार 414 मतदाता में से 1 लाख 59 हजार 255 मतदाताओं ने मतदान किया था, यानि कुल 84 प्रतिशत मतदान हुआ और फिर वर्ष 2008 के चुनाव में बसना विधानसभा में ही कुल 1 लाख 75 हजार 618 मतदाताओं में से 1 लाख 38 हजार 877 ने अपने मतदान का प्रयोग किया, यानि कुल 79 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं वर्ष 2003 के चुनाव में सरायपाली विधानसभा में सबसे अधिक 81.8 प्रतिशत वोट डाले गये। यहाँ कुल 1 लाख 37 हजार 111 मतदाताओं में से 1लाख 12 हजार 272 ने अपने मतदान का प्रयोग किया। इस बार भी मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह है। देखना होगा इस चुनाव में मतदान प्रतिशत कहां तक पहुँचता है।
ईवीएम की खराबी से मतदाता हुए परेशान
आज हो रहे मतदान में जिले के कुछ मतदान केंद्रों सुबह ईवीएम में खरीबी के कारण देरी से मतदान शुरू हुआ वहीं कुछ मशीनों के बंद होने से मतदाताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा। जिला मुख्यालय के मतदान केंद्र 209 प्राथमिक शाला पिटिया­ार में दोपहर 1 बजे मशीन में  खराबी आ गई। जिससेमतदान रूक गया। दोपहर 2.10 बजे तक दूसरी मशीन की व्यवस्था न होने पर यहां मतदान करने पहुंचे मतदाता कतार में परेशान होते रहे। बता दें कि इस मतदान  केंद्र में 1009 मतदाता हैं जिसमेें 1 बजे तक केवल 443 ने ही मतदान किया था।
मतदान प्रतिशत (विधानसभावार)
समय महासमुंद खल्लारी बसना सरायपाली
9 बजे 5.40% 6.20% 6.46% 6.26%
11 बजे 21.94% 24.02% 20.15% 21.33%
1 बजे 42.14% 42.47% 41.52% 42.48%

Latest Posts

Don't Miss