तीसरी बार सत्यापन के लिए तिथि,अब तक 74 प्रतिशत राशन कार्डों का सत्यापन
महासमुंद ( संवाद साधना)। जिले में वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत राशन कार्डों के सत्यापन का कार्य लगातार जारी है। अब तक 8 लाख 29 हजार 867 सदस्यों का सत्यापन हो चुका है जो कुल लक्ष्य का 74 प्रतिशत है। वहीं राशन कार्ड में दिए गए आधार कार्ड में त्रुटि होने,सदस्य की मृत्यु व अन्य कारणों से जिले के करीब 1952 सदस्यों का नाम सत्यापन के दौरान रिजेक्ट कर दिया है।
बता दें कि जिले में 3.10 लाख राशनकार्ड धारक परिवार है। जिनमें 11 लाख 8 हजार 7 सौ 54 सदस्य शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा गारंटी योजना के तहत देश में सभी राज्यों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में एकरूपता लाने के लिए वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत अब तक जिले में 8 लाख 29 हजार 867 सदस्यों का सत्यापन हो गया है ,लेकिन अभी भी 2 लाख 78 हजार 887 सदस्यों का सत्यापन शेष है। सत्यापन की तिथि तीसरी बार बढ़ने के बाद से लोगों को बड़ी राहत मिली है, अगर तिथि नहीं बढ़ाई जाती तो करीब 26 प्रतिशत सदस्यों का सत्यापन नहीं हो पाता और वे इस योजना के लाभ से वंचित हो जाते। राशनकार्डधारी हितग्राहियों की ई-केवाईसी कराने के लिए अब अंतिम तिथि 30 सितंबर हो गयी है। इससे पहले दो बार अंतिम तिथि में बदलाव किया जा चुका है। शुरूआत में केवल जून तक का समय दिया गया था पर राशन दुकान संचालकों की हड़ताल के चलते केवाईसी का काम पिछड़ गया, बाद 31 जुलाई तक का समय दिया गया, पर इस दौरान भी लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। इसके बाद 31 अगस्त और अब 30 सितंबर तक केवाईसी कराने का समय कर दिया गया है।
करा सकते हैं त्रुटि में सुधार
विभाग के अनुसार सत्यापन के दौरान जिनका आधार कार्ड के नंबर राशन कार्ड में अंकित है यदि वह सत्यापन में सही नहीं पाए जा रहे हैं तो उनका कार्ड रिजेक्ट कर दिया जा रहा है। जिले में करीब 1952 सदस्यों का कार्ड निरस्त कर दिया गया है। जिन सदस्यों का नाम रिजेक्ट हो गया है उन्हें अब उनके हिस्से का चावल नहीं मिलेगा, यदि उन्हें अगामी राशन कार्ड योजना का लाभ लेना है तो अपने आधार त्रुटि में सुधार करना होगा और राशन कार्ड में अपना आधार फिर से अपडेट कराना होगा,ऐसा नहीं करने पर इन सदस्यों को राशन कार्ड का लाभ नहीं मिल पाएगा ।
सबसे अधिक महासमुंद में कार्ड रिजेक्ट
जानकारी के अनुसार जिले में वन राशन वन कार्ड योजना के तहत सबसे अधिक 795 कार्ड महासमुंद में रिजेक्ट किए गए हैं, जिनके आधार कार्ड नंबर व नाम में त्रुटि है। इसी प्रकार बागबाहरा में 592, पिथौरा में 323,बसना में 186 और सरायपाली में सबसे कम 56 रिजेक्ट हुए हैं।



