कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने लीं निर्माण एजेंसियों की बैठक
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निर्माण एजेंसियों की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में लेते हुए स्वीकृति, प्रगतिरत एवं अप्रारंभ कार्यों की समीक्षा की और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन, आदिवासी विकास विभाग, शिक्षा विभाग, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना, जिला खनिज न्यास से संपादित होने वाले पूर्व एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष के समस्त स्वीकृत कार्यों के प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एस आलोक एवं निर्माण एजेंसियों के कार्यपालन अभियंता और उप अभियंता सहित जिला अधिकारी मौजूद रहे।
उन्होनें कहा कि स्कूल जतन योजना के तहत विभिन्न मदों में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करें। उन्होंने समग्र शिक्षा के तहत स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में बच्चों को अध्ययन के लिए जितनी बेहतर सुविधा हो सकती है, उन्हें उपलब्ध कराएं। इसके तहत छोटे-छोटे विभिन्न कार्य जैसे दीवार निर्माण, फर्श निर्माण और अन्य कार्य स्वीकृत किए गए हैं, उन्हें तत्काल पूरा करें, इन सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करें। इसके अलावा विद्यालयों में रिनोवेशन से संबंधित किसी भी प्रकार के कार्यों को उनके प्राक्कलन तत्काल तैयार कर जिला कार्यालय को प्रेषित करें। सभी निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन भी कराएं। उन्होंने आरईएस विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि जो कार्य प्रारंभ हो गए हैं, उसे समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें, जो ठेकेदार स्वीकृति पश्चात कार्य में रूचि नहीं ले रहे हैं उन्हें ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई प्रारंभ करें।
हैंडओवर करने से पहले चेक कर लें कार्य
आरईएस के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि विभाग द्वारा 273 कार्य स्वीकृत किए गए है जिसमें से 128 कार्य पूर्ण हो गए है। 18 कार्य अप्रारंभ है। कलेक्टर ने समग्र शिक्षा और पीएम के स्कूलों के उन्नयन कार्य भी शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जल संसाधन विभाग के समीक्षा के दौरान बताया गया कि 19 कार्य पूर्ण हो गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों में भूमि अर्जन के लिए अवार्ड पारित हो चुका है, उसके रिकॉर्ड दुरुस्त करें यह संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। इसी तरह पीडब्ल्यूडी के समीक्षा के दौरान कहा कि कोई भी कार्य हैंडओवर करने से पहले यह आवश्यक रूप से चेक कर लें कि निर्माण कार्यों में किसी तरह की दरार और सिपेज न आए। जो ठेकेदार जिम्मेदारीपूर्वक कार्य पूर्ण नहीं कर रहे हैं या टेंडर स्वीकृति के पश्चात भी कार्य प्रारंभ नहीं किए ऐसे ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने प्रस्ताव भेजें।
कलेक्टर ने कहा कि मार्च 2023 तक जितने भी कार्य स्वीकृत किए गए हैं और प्रगतिरत है, उन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाए।



