Bullion Association takes tough decision:नवापारा,राजिम चोरी की घटना के बाद छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का निर्णय
Bullion Association takes tough decision: रायपुर, नवापारा-राजिम में पिछले दिनों सराफा संस्थान में हुई चोरी की घटना के बाद प्रदेशभर के सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश है। इसके चलते छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने कड़ा निर्णय लिया है और कहा है कि ज्वेलरी संस्थानों में अब हेलमेट व बुर्का पहनकर प्रवेश नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए एसोसिएशन ने आपातकालीन बैठक आयोजित की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब प्रदेश की किसी भी सर्राफा दुकान में हेलमेट या बुर्का पहनकर आने वाले व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने तथा आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से लिया गया है। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सर्राफा व्यापारियों के प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के साथ ही महासचिव प्रकाश गोलछा व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष सोनी ने सराफा व्यापारियों से कहा है कि वे अपनी दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम एवं अन्य सुरक्षा मानकों को अनिवार्य रूप से अपनाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन एवं एसोसिएशन को देने का आग्रह किया। इसके साथ ही एसोसिएशन ने राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि सराफा व्यापारियों को विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा नवापारा-राजिम लूटकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।




