Latest Posts

बैराज के 18 गेट खोलने से बढ़ा महानदी का जलस्तर

कैचमेंट एरिया से नदी में बनी हुई है पानी की आवक

महासमुंद। पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश और पानी की आवक को मेंटेन करने निसदा बैराज के 18 गेट खोल दिए जाने से महानदी का जल स्तर बढ़ गया है।
बता दें कि बुधवार शाम से बारिश का सिलसिला एक बार फिर शुरू हुआ जो शुक्रवार तक जारी रहा। इधर, मौसम विभाग ने आज भी मध्यम बारिश की संभावना जताई है। लगातार दो दिन से हो रही बारिश के चलते खेत-खलिहान, तालाब, नालों और नदियों का जल स्तर बढ़ा है। 21 सितंबर से अब तक जिलेभर में 23.8 मिमी बारिश हुई है। हालांकि शुक्रवार को मात्र 7.5 मिमी बारिश ही हुई है। एक जून से अब तक जिले में 1021.5 मिमी औसत बारिश दर्ज की गयी है जो वर्षभर की संभावित बारिश का 85.6 प्रतिशत है। जिले में एक जून से अब तक महासमुंद में 1319.7 मिमी, सरायपाली में 919.2 मिमी, बसना में 906.8 मिमी, पिथौरा में 1077 मिमी और बागबाहरा में 884.6 मिमी बारिश हुई है। इधर, कैचमेंट एरिया में बारिश होने से महानदी में पानी की आवक बनी हुई है। इस संबंध में बैराज प्रभारी शारदा चंद्रा ने बताया कि पिछले दो दिन से पूरे क्षेत्र में बारिश हो रही है। कैचमेंट एरिया से पानी की आवक नदी में बनी हुई है। बैराज के 18 गेट को मेंटेन करने के लिए खोल दिया गया है, वहीं समोदा बैराज के भी गेट को खोला गया है। मालूम हो कि निसदा बैराज में कुल 24 गेट हैं जिसमें 12 गेट महासमुंद और 12 गेट आरंग की ओर है।

Latest Posts

Don't Miss