
बापू बालोद्यान से सदर बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर तक निकली भारत जोड़ो यात्रा
जांजगीर-चांपा(संवाद साधना)। जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांपा के संयुक्त तत्वाधान में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी द्वारा गत वर्ष कन्याकुमारी से कश्मीर तक की गई भारत जोड़ो यात्रा की प्रथम वर्षगांठ पर गुरूवार 7 सितम्बर को स्थानीय बापू बालोद्यान से भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विस अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत थे। अध्यक्षता छग राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत रामसुंदर ने की। भारत जोड़ों यात्रा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आज वैमनस्य व नफरत के माहौल से बने जख्मों में मोहब्बत का मरहम लगाने का काम भारत जोड़ो यात्रा करेगी। देश की एकता, अखंडता सहित संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है। उन्होंने बापू बालोद्यान से सदर बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर तक आयोजित भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा कि कांग्रेस देश की आजादी के पूर्व से ही सत्याग्रह को एक मजबूत हथियार मानती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई 4018 कि.मी. की भारत जोड़ो यात्रा आजादी के बाद देश की सबसे बड़ी और जनता की मानसिकता में परिवर्तन लाने वाली यात्रा साबित हुई है। इसके माध्यम से पार्टी का हर कार्यकर्ता देश को जाति, धर्म, क्षेत्र एवं भाषा के आधार पर बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एकजूट हुआ है। डॉ. महंत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के बताये मार्ग पर चलते हुए हर वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए प्रयासरत् है। डॉ. महंत ने जन्माष्टमी के मौके पर राधा कृष्ण मंदिर पहुंचकर वहां भगवान श्री राधा कृष्ण की पूजा-अर्चना कर भारत जोड़ो यात्रा का समापन किया। पदयात्रा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत अपने साथ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत को साथ लेकर चल रहे थे। पदयात्रा के दौरान दोनों महंत का जगह-जगह नगरवासियों ने स्वागत किया। इस दौरान डॉ. महंत ने राजेश्री महंत रामसुंदर दास को नगर के विशेष लोगों से रुबरु कराया और महाराज से आशीर्वाद लेने की बात कही। बापू बालोद्यान में आयोजित जनसभा को पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, कांग्रेस नेत्री श्रीमती मंजू सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा, रामकुमार पटेल, श्रीमती शेषराज हरवंश, श्रीमती ज्योति किशन कश्यप, नागेन्द्र गुप्ता, इंजी. रवि पाण्डेय, प्रवीण पाण्डेय, देवेश सिंह, व्यास कश्यप, विवेक सिंह सिसोदिया, राजेश अग्रवाल, गिरधारी यादव, सरोज सारथी, राइईसकिंग खूंटे, पुनीता प्रजापति, भगवान दास गढ़ेवाल, जय थवाईत, रमेश पैगवार, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, कैलाश साव, प्रिंस शर्मा, गोपाल गुलशन सोनी, देव प्रसाद पाण्डेय आदि ने संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि देश में वर्ष 2014 से भाजपा की सरकार आने के बाद से जनता को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र एवं संप्रदाय के नाम पर आपस में लड़ाने का कार्य किया जा रहा है। इसी नफरत और वैमनस्य से भरे माहौल से देश को उबारने का काम भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील साधवानी एवं आभार प्रदर्शन पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेन्द्र गुप्ता ने सभी उपस्थितों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छ.ग. राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत रामसुंदर दास, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, लौह शिल्प बोर्ड के उपाध्यक्ष विष्णु विश्वकर्मा, सत्यनारायण देवांगन, डॉ. के.पी. राठौर, हाजी मो. हनीफ खान, लोचन साव, पुष्पा पाटले के अलावा बड़ी संख्या में नगर तथा जिले से आये कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।