महासमुंद। पिथौरा के गिरना जंगल के कक्ष क्र 230 में जंगल मे लगी कंटीली तार में फंसे भालू को अंततः राजधानी से आई बचाव टीम ने उसे तार से अलग कर जंगल मे छोड़ दिया है।
बीती रात से जंगल मे कंटीली तार के बीच फंसे भूखे प्यासे भालू को गुरुवार की शाम अंततः मुक्ति मिल ही गयी।वन विभाग की बचाव टीम दोपहर बाद मौके पर पहुची।टीम के विशेषज्ञ ने पहले उसे बेहोश किया।उसके बाद उसके नजदीक जा कर देखा तो भालू के सिर के बाल तार में उलझे दिखे।जिसे बचाव टीम द्वारा कैंची से काट कर अलग कर दिया।जिसके कारण भालू आसानी से कंटीली तार से मुक्त हो गया।इसके बाद बेहोश भालू को पिंजरे में डाला गया और उसे एक इंजेक्शन लगा कर बेहोशी से होश में लाया गया।भालू को कही भी चोट नही लगी थी।जिससे विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली और फिर पिंजरा खोल दिया।पिंजरा खुलते ही भालू पिंजरे से निकल कर जंगल की ओर भाग निकला।



