रायपुर। आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने सरस्वती नगर स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 16 मोबाइल और सट्टे के पैसों का हिसाब किताब जब्त किया गया है। यह कार्रवाई सरस्वती नगर पुलिस व एंटी क्राइम एवं एंटी साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 तथा 4(क) जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली कि एक अप्रैल को थाना सरस्वती नगर क्षेत्रांतर्गत कुकुरबेडा आलेख महिमा मंदिर परिसर के पास एक मकान में कुछ व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और मकान में छापामार कार्रवाई करते हुए सरस्वती नगर निवासी राजेश सेन उर्फ राजेश कुमार, शिवनाथ नगर तालाब के पास थाना खमतराई निवासी शिवचरण सेन उर्फ लालू और कचना हाउसिंग बोर्ड निवासी ओंकार सेन उर्फ ओम को गिरफ्तार किया। टीम ने जब कमरे की तलाशी ली तो आरोपी16 मोबाइल फोन सेटअप से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। साथ ही कागज पर सट्टे के पैसों का हिसाब-किताब भी लिखा जा रहा था, सभी को जब्त किया गया।



