जिले के 1079 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल रवाना
महासमुंद। लोकतंत्र के महापर्व के दूसरे चरण में 17 नवंबर को जिले की चार विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रहे 53 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 8.55 लाख मतदाता वीवीपेट का बटन दबाकर सुरक्षित कर देंगे। जिसकी पूरी तैयारी हो चुकी है। चुनाव के लिए आज जिले के 1079 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल रवाना हुए।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र के 1079 मतदान केन्द्रों के लिए स्थानीय कृषि उपज मंडी में सामग्री वितरण आज सुबह 06 बजे से किया गया। इसके लिए 16-16 काउंटर बनाए गए हैं। सामग्री वितरण हेतु प्रत्येक विधानसभा में 80-80 कर्मचारी नियुक्त किए गए हंै। सर्वप्रथम राजनीतिक दल की उपस्थिति में स्ट्रांग खोला गया। तत्पश्चात विधानसभावार बनाए गए काउंटर से मतदान दल के पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्र के लिए सामग्री प्राप्त किए और अपने दल के साथ निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए। उनके साथ सेक्टर अधिकारी भी रवाना हुए। दल के साथ एक-एक सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। सर्वप्रथम सरायपाली और बसना विधानसभा के लिए वाहनों को रवाना किया गया। मालूम हो कि जिले में कुल 235 रूट चार्ट बनाए गए हैं। मतदान दलों में कुल 12,295 कर्मचारी संलग्न है।सामान्य प्रेक्षक जफर अली, पुलिस प्रेक्षक कृष्ण कुमार व्ही.के. एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने मंडी परिसर पहुंचकर सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर श्री मलिक ने मतदान दलों से मिलकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने कहा है। जिले में कुल 40 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हंै। इसमें पीठासीन से लेकर मतदान दल क्रमांक 1, 2 और 3 सभी महिला कर्मचारी हैं। महिला अधिकारियों ने उत्साह के साथ सामग्री प्राप्त की। इसी तरह चारों विधानसभा क्षेत्र में 1-1 मतदान केन्द्र दिव्यांग और 1-1 मतदान केन्द्र युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाए गए हंै। दिव्यांग मतदान केन्द्र में सभी अधिकारी-कर्मचारी दिव्यांग होंगे। जिले में चार युवा प्रबंधित मतदान केन्द्रों में सभी युवा अधिकारी होंगे। आदर्श मतदान केन्द्र 20 होंगे।
पुरुषों से अधिक महिला मतदाता, सुरक्षा में तीन हजार जवान तैनात
जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 55 हजार 503 हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। इसमें 4 लाख 21 हजार 769 पुरुष मतदाता, 4 लाख 33 हजार 714 महिला मतदाता और 20 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसमें 5288 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ग के युवा मतदाता 30 हजार 390 और 80 साल से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 7576 है। सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 375 है। जिले में सशस्त्र बल की 32 कंपनियों को तैनात किया गया है, जिनके 3 हजार जवान मतदान के दौरान चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे।
जिले में 121 संवेदनशील बूथ
जिले में कल दूसरे चरण के तहत मतदान होने वाला है, जिसकी सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में 121 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। जानकारी के अनुसार सरायपाली विधानसभा में कुल 270 मतदान केन्द्र में 31 संवेदनशील मतदान केन्द्र है इसी प्रकार बसना में 286 में से 35, खल्लारी में 277 में से 17 और महासमुंद विधानसभा के कुल 246 मतदान केन्द्रों में से 38 बूथ संवेदनशील है। इनकी सुरक्षा के लिए18 सशस्त्र बल की कंपनियां तैनात रहेंगी। संवेदनशील केंद्रों में ज्यादा फोकस रहेगा।



