Latest Posts

ACB CG News: 50 हजार की रिश्वत लेते रेंजर और डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

ACB CG News: मुंगेली। एसीबी बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने शिकायत की थी। दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ सुरही रेंज में घूमने गया था, जहां बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया और संबंधित लोगों को करीब 18 दिन जेल भी जाना पड़ा। जेल से छूटने के बाद जब अजीत कुमार ने चालान जल्द पेश करने के लिए डिप्टी रेंजर से संपर्क किया, तो उससे 4-5 लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई। वहीं वाहन छोडऩे के नाम पर 70 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई।


ऐसे जाल में फंसे रिश्वतखोर
शिकायत का सत्यापन कराने पर मामला सही पाया गया, जिसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। 26 मार्च 2026 को प्रार्थी को रिश्वत की राशि देने के लिए कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया। यहां प्रार्थी ने डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को मांगी गई रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए। जैसे ही उन्होंने राशि ली, एसीबी टीम ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर रेंजर पल्लव नायक भी मौजूद थे, जिनकी भूमिका भी संदिग्ध पाई गई और उनके द्वारा भी प्रार्थी से रिश्वत की मांग करना सामने आया। प्रार्थी से ली गई 50 हजार रुपये की राशि आरोपी मनीष श्रीवास्तव से बरामद कर ली गई है। एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ धारा 7 तथा पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 और 12, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई कर रही है।

दो साल में एसीबी ने की 45 कार्रवाई
एसीबी द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह बड़ी कार्रवाई की गई है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल एसीबी बिलासपुर को सूचित करें। पिछले दो वर्षों में एसीबी बिलासपुर की यह 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Latest Posts

Don't Miss