Latest Posts

शहीदी दिवस पर गूंजेगा संकल्प: ‘माय भारत, मेरी जिम्मेदारी’ के साथ 33 जिलों में युवा करेंगे राष्ट्र निर्माण का आगाज़

रायपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘माय भारत’ (MY Bharat) प्लेटफॉर्म द्वारा शहीदी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में व्यापक अभियान आयोजित किया जाएगा।
23 मार्च 1931 को महान क्रांतिकारी भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर के बलिदान की स्मृति में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
इस वर्ष की थीम “माय भारत, मेरी जिम्मेदारी” रखी गई है। इसके तहत 23 मार्च को पूरे प्रदेश में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों युवा शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और राष्ट्र सेवा का संकल्प लेंगे।
अभियान की शुरुआत 19 मार्च से डिजिटल क्विज़ और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं के साथ हो चुकी है। वहीं 22 मार्च को ‘माय भारत सिविक सेंस चैलेंज’ के अंतर्गत स्वच्छता, सड़क सुरक्षा और श्रमदान आधारित जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से शहीदी दिवस को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है, जिसमें युवा परिवर्तन के वाहक बनेंगे।

Latest Posts

Don't Miss