Thursday, June 19, 2025

Latest Posts

स्कीम का बहाना बनाकर 6.83 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार

रायपुर। हर महीने सिर्फ 2500 जमा करो और दो साल बाद पूरे 60,000 या एक दमदार बाइक ले जाओ, इस तरह के लुभावने वादे देकर क्षेत्र के लोगों से 6.83 लाख की ठगी करने वाला खरोरा निवासी ऋषभ गोयल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आटो मोबाइल फर्म संचालक ने कई लोगों को सपने दिखाए, लेकिन दो साल बाद, जब हकीकत सामने आई तो सबके होश उड़ गए। आरोपी ने तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के दर्जनों लोगों से करीब 6.83 लाख रुपए की ठगी की। गोवर्धन नगर नेवरा निवासी नेभन ताम्रकार (44) जो ताम्रकार आटो सेंटर के संचालक हैं, ने बताया कि अगस्त 2022 में ऋषभ गोयल उनसे उनकी दुकान में मिला। उसने दावा किया कि उसकी ‘ऋषभ ऑटो मोबाइल्स’ नामक फर्म खरोरा में स्कीम चला रही है, जिसमें हर महीने 2500 की किश्त जमा करने पर दो वर्षों बाद 60,000 नगद या एक टीवीएस कंपनी की दोपहिया बाइक मिलेगी। इसके अलावा हर महीने लकी ड्रा के जरिए किसी एक सदस्य को तत्काल इनाम भी दिया जाएगा। शुरुआत में कुछ लोगों को बाइक और नगद इनाम भी मिले, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ा। रसीदें भी दी गईं और लेन-देन घर पर होता रहा। लेकिन 24 महीने बीतने के बाद, न तो पैसा मिला, न ही बाइक। जब लोग ऋषभ से संपर्क करने लगे तो उसने बहाने बनाने शुरू कर दिए।
इस संबंध में तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी सत्येन्द्र श्याम का कहना है कि टीवीएस शोरूम संचालक द्वारा एक स्कीम चलाई गई थी। व्यापार में घाटा होने के कारण उसने शोरूम बंद कर दिया, लेकिन स्कीम के अंतर्गत ली गई राशि लौटाने से इनकार कर दिया। इसी आधार पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

Latest Posts

Don't Miss