इंद्रजीत कॉलेज के दो नाबालिग छात्राएं भी घायल, पुलिस वाहन से पहुंचाया गया अस्पताल
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम कटघरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के दौरान नशामुक्ति का संदेश लेकर जागरूकता रैली निकाल रहे विद्यार्थियों को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रजीत कॉलेज के चार विद्यार्थी घायल हो गए, जिनमें दो छात्राएं भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों की तत्परता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कटघरी स्थित शासकीय विद्यालय से लगभग 200 मीटर अंदर बस्ती की ओर एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान सीजी 11 बीएल 2142 नंबर के वाहन ने रैली में शामिल विद्यार्थियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सावन सिन्हा, पिता नेमचंद सिन्हा तथा निखिल कुमार भारद्वाज, पिता उदय भारद्वाज, निवासी वार्ड क्रमांक 11 अकलतरा सहित दो नाबालिग छात्राएं घायल हो गईं। घटना की सूचना पर आरक्षक शैलेंद्र राठौर, राजू लठेवाल एवं वाहन चालक दीपक सोनवानी ने पुलिस वाहन से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया गया।



