उच्चस्तरीय जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खैरसिटी स्थित करणी कृपा पावर स्टील प्लांट में लगातार हो रही औद्योगिक दुर्घटनाओं और मजदूरों की मौत के मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
हाल ही में 24 नवंबर की रात भट्ठी की सफाई के दौरान गर्म डस्ट गिरने से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले भी सितंबर 2024 में दो मजदूरों की मौत, जनवरी 2025 में एक नाबालिग श्रमिक की मृत्यु तथा मार्च 2025 में बॉयलर दुर्घटना में तीन लोगों के झुलसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं को औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बताते हुए आम आदमी पार्टी के जिला पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर सचिन भुटड़ा के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौपते हुए विधानसभा प्रभारी संजय यादव एवं जिला महासचिव मधुराम यादव में सभी दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, घायल मजदूरों का बेहतर इलाज एवं संपूर्ण खर्च प्लांट प्रबंधन द्वारा उठाने, उचित मुआवजा, मृत मजदूरों के परिजनों को आर्थिक सहायता एवं पात्र सदस्य को रोजगार देने की मांग की गई है। साथ ही सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रबंधन,कंपनी के मालिक एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई, नाबालिगों से काम कराने के मामले की जांच तथा जिले के सभी औद्योगिक संस्थानों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग भी की गई है।
आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रभारी भूपेन्द्र चन्द्राकर ने चेतावनी दी है कि मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।
आज ज्ञापन सौंपने के लिए आम आदमी पार्टी के भूपेंद्र चंद्राकर लोकसभा प्रभारी,संजय यादव विधानसभा प्रभारी,मधुराम यादव क़ादिर चौहान, विकास कुमार मुकेश कुर्रे आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।



