Latest Posts

पीएम मोदी ने मंत्रियों को दिया यह निर्देश; परिसीमन समेत कई विधेयक पर सबकी नजर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से अगले संसद सत्र की तैयारियां 15 दिसंबर से पहले पूरी करने और उससे पहले विदेश यात्रा से बचने को कहा है। बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में संसद सत्र का मुद्दा उठा।सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाए। उन्होंने कहा कि सत्र कब शुरू होगा और कितने समय तक चलेगा, यह कैबिनेट कमेटी आन पार्लियामेंटरी अफेयर्स तय करेगी।मोदी ने तैयारियों की जरूरत पर जोर देते हुए मंत्रियों से कहा कि वे सुनिश्चित करें कि उनके मंत्रालय आगामी सत्र के लिए तैयार हों। बुधवार रात तक मानसून सत्र को स्थगित किए 103 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी दोनों सदनों का सत्रावसान नहीं हुआ है। विपक्ष ने शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी पर सवाल उठाए हैं। देरी के बीच परिसीमन को लेकर विशेष सत्र की अटकलें भी हैं।आगामी सत्र में परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने पर नजर रहेगी। हालांकि, इस अहम संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी समर्थन जुटाना मुश्किल हो सकता है।

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी मौजूदा 543 सदस्यीय सदन में 361 वोट जरूरी हैं। तीन रिक्तियों के चलते सदन में अभी 540 सदस्य हैं। सत्तारूढ़ राजग के 320 सदस्य हैं, इसलिए उसे विपक्षी दलों का समर्थन चाहिए। अप्रैल में विधेयक गिरने के बाद 26 सांसद विपक्षी खेमे से अलग हो चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआइ) में शामिल होकर राजग को समर्थन दे चुके हैं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। बदलते राजनीतिक समीकरणों में द्रमुक के 22 और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के आठ सांसद अहम हो सकते हैं।

उधर, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के खिलाफ अभियान तेज कर चुका विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग संसद में भी उठा सकता है। सत्ता पक्ष के एक सांसद के मुताबिक, सदन में व्यवस्थित कामकाज के बिना विधेयक पर बहस और मतदान संभव नहीं होगा। मौजूदा सत्र की अवधि बढ़ाने के लिए कम से कम दो दिन पहले सूचना देनी होगी, जबकि नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन की सूचना जरूरी है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ऐसे फॉर्मूले पर विचार कर रही है जिसके तहत राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जा सकती है। इसका मकसद खास तौर पर दक्षिणी राज्यों की ओर से परिसीमन के प्रभाव को लेकर जताई जा रही चिंताओं का समाधान करना है।

Latest Posts

Don't Miss