सट्टे में नुकसान से आर्थिक तंगी में था, 4 महीने बाद SIT जांच में खुलासा
रायपुर। रायपुर में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत के मामले में करीब 4 महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। SIT की जांच में परिवार के मुखिया साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का जिम्मेदार पाया गया है।
जांच के मुताबिक, कारोबारी साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में कीटनाशक दिया। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में साजिद के सट्टे के कारोबार में नुकसान, नशे की लत और आर्थिक तंगी की बात सामने आई है।
साजिद अली के बैंक खातों में पिछले 5 साल में करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन मिला है। पुलिस ने आर्थिक तंगी को इस घटना की मुख्य वजह माना है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर का है।



सट्टे के कारोबार में हो रहा था नुकसान
साजिद अली गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। जांच में पता चला कि इस कारोबार में उसे नुकसान हो रहा था। बाद में उसने सट्टे का काम बंद कर दिया। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी।
SIT ने साजिद के बैंक खातों की भी जांच की। पिछले 5 साल के दौरान खातों से करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन मिला। जांच में सट्टे के कारोबार में नुकसान और उसके बंद होने के बाद पैदा हुई आर्थिक तंगी को परिवार की सामूहिक मौत की मुख्य वजह माना गया।

बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था साजिद
साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। उसने पहले ठेला लगाया था। बाद में बैटरी का काम शुरू किया और अपनी दुकान खोल ली थी।
पुलिस जांच में पता चला कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रह रहा था। वह करीब 15 साल से अपने भाइयों और बहनों से अलग रह रहा था।
भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बेहद कम था। पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि कुछ लोग उससे उधार दिए पैसे मांगने घर आते थे।
बेटे को रात 12:30 बजे फोन कर बुलाया था
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले साजिद ने गुरुवार रात करीब 12:30 बजे अपने बेटे इरशाद को फोन किया था। उसने बेटे को तुरंत घर आने के लिए कहा और डांटते हुए बुलाया था।
घर पहुंचने के बाद साजिद ने परिवार के साथ मिठाई खाई थी। वह बाजार से रसगुल्ला और पेड़ा लेकर आया था। इसके बाद साजिद के अलावा परिवार का कोई भी सदस्य घर से बाहर नहीं निकला।

17 जुलाई को घर में मिले थे पांचों के शव
17 जुलाई 2026 को संजय नगर स्थित घर में बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों के शव मिले थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में मामला SIT को सौंप दिया गया।
टीम ने बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन और सट्टे के कारोबार से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। करीब 4 महीने की जांच के बाद निष्कर्ष निकाला गया कि साजिद ने ही पत्नी और तीन बच्चों की हत्या की थी और फिर आत्महत्या कर ली थी।



