Latest Posts

छात्रों के विरोध के बाद अब नए सिरे से होगा सीमांकन

ADM ने बनाई 12 सदस्यीय टीम, छात्रों ने घेरा था कलेक्ट्रेट

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा स्थित चांटीडीह में छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़कर सड़क बनाने के विवाद के बाद प्रशासन ने सरकारी और निजी जमीन का नए सिरे से सीमांकन कराने का फैसला लिया है। छात्रों के विरोध के बाद एडीएम शिव बनर्जी ने मौके का निरीक्षण किया।

इस दौरान खसरा नंबर 561/4 की सरकारी जमीन का रकबा राजस्व नक्शे के मुताबिक नहीं मिला। अब एसडीएम और नगर निगम के अधिकारियों समेत 12 सदस्यीय टीम जमीन की वास्तविक सीमा तय करेगी। टीम को दो दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रावास की बाउंड्री तोड़कर बनाई जा रही सड़क

दरअसल, साइंस कॉलेज से चांटीडीह तक सड़क बनाई जा रही है। इसके लिए शासकीय पोस्ट मैट्रिक बालक और बालिका छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है।

इसका छात्र विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रावास की जमीन पर सड़क और नाली बनने से परिसर की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

खसरा नंबर 561/4 की इस सरकारी जमीन पर अनुसूचित जाति बालक आश्रम, अन्य पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर, पोस्ट मैट्रिक बालक-बालिका छात्रावास और परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर छात्रों ने जताया विरोध

छात्रावास के स्टूडेंट्स बाउंड्रीवाल तोड़ने और सड़क निर्माण के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने छात्रावास की जमीन पर सड़क बनाने से सुरक्षा का खतरा बताया।

इसके बाद एडीएम शिव बनर्जी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन सड़क के साथ आसपास की सरकारी जमीन का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान खसरा नंबर 561/4 का रकबा राजस्व नक्शे के मुताबिक मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन ने नए सिरे से सीमांकन कराने का फैसला लिया।

निजी जमीन के खसरा नंबर 560 और 559 की भी जांच

सीमांकन में सरकारी जमीन के साथ आसपास के निजी भूखंडों को भी शामिल किया गया है। इसमें खसरा नंबर 560, 559 और अन्य भूखंडों की जमीन की सीमा तय की जाएगी।

राजस्व और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर सीमांकन और चिन्हांकन करेगी। इससे सड़क निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन और छात्रावास परिसर की वास्तविक सीमा स्पष्ट होगी।

एसडीएम और अपर आयुक्त करेंगे जांच

12 सदस्यीय जांच दल का नेतृत्व एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी और नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार करेंगे। टीम में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत, भू-अभिलेख शाखा के सहायक अधीक्षक पीयूष दीवान, राजस्व निरीक्षक परमेश्वर साहू और अनंत सुशील एक्का शामिल हैं।

इसके अलावा नगर निगम के उप अभियंता रमन छाबड़ा और जुगल किशोर सिंह के साथ पटवारी हरीश जैन, रूपेश गुरुदीवान, विकास जायसवाल और पराग महिलाने को भी टीम में शामिल किया गया है। जांच दल को दो दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी।

Latest Posts

Don't Miss