चातुर्मासिक प्रवचन
राजनांदगांव 17 नवम्बर । ” आत्म लक्ष्यीय बनकर कार्य करें तो आप अवश्य सफल होंगे। जिस लक्ष्य को लेकर हम कोई काम शुरू कर रहे हैं, उस लक्ष्य को हमेशा ध्यान में रखें और फिर कार्य करें तो आप अपने लक्ष्य तक अवश्य पहुंचेंगे।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य मौलिकप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि मौलिकप्रभ ने कहा कि अक्सर हम किसी लक्ष्य को लेकर काम शुरू करते हैं किंतु रास्ते में ही भटक जाते हैं। हम अपने लक्ष्य को भूल जाते हैं और सांसारिक कार्यों में खो जाते हैं। हमारे भाव शुद्ध होना चाहिए। कोई भी क्रिया सेंटर ऑफ पॉइंट को लक्ष्य में रखकर करें। अगर आपके केंद्र में आत्मा है और उसे लक्ष्य में रखकर काम करेंगे तो आप निश्चित ही लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे।
मुनि मौलिकप्रभ जी ने कहा कि काम करते समय अक्सर हम अपने केंद्र बिंदु में संसार को रखकर काम करते हैं इसलिए हम लक्ष्य को पाने में असफल हो जाते हैं। हमें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि हम अपने आप को ठग तो नहीं रहे हैं। पुरुषार्थ लक्ष्य को ध्यान में रखकर करें। हम बाह्य क्रिया को लक्ष्य ना बनाएं। कुछ-कुछ क्रिया है जिसे हम मजबूरीवश करते हैं। हमें लगता है कि हमारी बाह्य क्रिया एकदम सॉलिड है किंतु अंदर देखें तो पता चलता है कि हम कितने गलत हैं!
मुनि मौलिकप्रभ जी ने कहा कि मुझे क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इस पर चिंतन अवश्य करें ताकि हम क्रिया करते समय निश्चित रहे कि हम जो करेंगे वह सही ही करेंगे। हम जो क्रिया कर रहे हैं वह उचित है या नहीं इस पर मनन कर कार्य शुरू करें। लक्ष्य को आत्म केंद्र में रखें और उसे ही सदैव ध्यान में रखकर कार्य करें। आत्म लक्ष्य यदि केंद्र बिंदु में रहा तो आप लक्ष्य की ओर अवश्य बढ़ेंगे। हमें आत्म लक्ष्यीय बनना है,यह सोचकर कार्य करें तो हम अपने कार्यों में अवश्य सफल होंगे।



