जांजगीर-चाम्पा। लोगों की सुविधा और आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से खोखसा में अंडरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। जिस अंडरब्रिज से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद थी, वही अब उनके लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। वहीं वर्षों से पानी निकासी की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक अंडरब्रिज के निर्माण और ठेकेदार की कार्यप्रणाली के चलते आवागमन प्रभावित हो रहा है। पुलिया को बंद किए जाने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित लापरवाही से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर शुरू किया गया निर्माण कार्य यदि निर्धारित गुणवत्ता और बेहतर व्यवस्था के साथ पूरा नहीं होता तो इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ेगा।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने तथा पानी निकासी और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अब सवाल यह है कि ग्रामीणों को राहत देने के लिए बनाए जा रहे अंडरब्रिज की समस्याओं पर जिम्मेदार विभाग कब ध्यान देगा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कब होगी। मीडिया से चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत खोखसा के सरपंच आकाश चौहान व अमित राठौर का कहना है कि हमारी प्रमुख तीन मांगे हैं जिसमें ठेकेदार द्वारा जो वर्षो पुरानी पुलिया को बंद कर दिया गया है। उसे अंडर ब्रिज के बगल में बनी नाली से जोड़ा जाए। दूसरा जहाँ-जहाँ मिट्टी डंप कर दिया गया, उसे बराबर किया जाये और तीसरा अंडर के शुरुआत में लगे लोहे के ऐंगल को और बढ़ाया जाये।



