Latest Posts

Night Chopati Raipur Mg Road : एमजी रोड चौपाटी के सुव्यवस्थित संचालन, यातायात सुगमता और स्वच्छता के लिए चला पुलिस, निगम, व्यापारी संघ एवं चौपाटी संचालकों का मंथन

Night Chopati Raipur Mg Road : चौपाटी संचालन के निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश, उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध होगी वैधानिक कार्यवाही

Night Chopati Raipur Mg Road : रायपुर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड क्षेत्र में रात्रिकालीन चौपाटियों के संचालन के लिए किसी प्रकार की व्यवधान, यातायात जाम सहित कई समस्याओ काे लेकर यातायात सभागार में साेमवार काे निगम, पुलिस, व्यापारी संघ व चाैपाटी संचालकाें ने मंथन किया। आयाेजित बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन एवं श्रीमती स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह, व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र तलरेजा सहित संबंधित अधिकारी एवं चौपाटी संचालक उपस्थित रहे।


बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने एमजी रोड में चौपाटी संचालन के लिए पूर्व में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर एवं महापौर द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्त चौपाटियां रात्रि 9 से 1 बजे तक ही संचालित होंगी तथा स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के पश्चात ही संबंधित स्थान पर चौपाटी लगाई जाएगी। किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने के लिए दबाव बनाना अथवा विवाद करना स्वीकार्य नहीं होगा।

Night Chopati Raipur Mg Road : फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने तथा सार्वजनिक आवागमन क्षेत्र में अतिक्रमण करने पर रोक

चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं निभाने, गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा संचालन समाप्त होने के पश्चात निर्धारित स्थान की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सड़क, नाली एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क एवं फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने तथा सार्वजनिक आवागमन क्षेत्र में अतिक्रमण करने पर रोक लगाई गई है। ग्राहकों के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था करना संबंधित चौपाटी संचालकों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। किसी भी स्थिति में मुख्य सड़क अथवा यातायात बाधित करने वाले स्थान पर वाहन खड़े नहीं कराए जाएंगे।बैठक में बताया गया कि कुछ संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने के कारण सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग, कुर्सी-टेबल लगाने, गंदगी फैलाने तथा स्थायी दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान करने जैसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इससे व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं आम राहगीरों को असुविधा के साथ यातायात संचालन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

Night Chopati Raipur Mg Road : शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी

नगर निगम अधिकारियों से स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया। व्यापारी संघ से भी सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई। बैठक में चौपाटी संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया गया। अंत में सभी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन, अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग अथवा गंदगी फैलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकतानुसार संबंधित अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा स्पष्ट किया गया कि एमजी रोड में चौपाटियों का संचालन नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता एवं सुगम यातायात को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस एवं नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Latest Posts

Don't Miss