जांजगीर-चांपा। कूटरचित दस्तावेजों के सहारे फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने का मामला सामने आया है। थाना जांजगीर पुलिस ने जितेंद्र बघेल और बैजनाथ बघेल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि जितेंद्र बघेल ने खुद को ग्राम मसान निवासी फूल सिंह कंवर का पुत्र बताकर तहसील जांजगीर से जाति व आय प्रमाण पत्र बनवा लिया। इसके बाद अंत्यावसायी विभाग में झूठा शपथ पत्र दिया कि उसने बैंक से कोई ऋण नहीं लिया, जबकि पंजाब नेशनल बैंक से ऋण लिया हुआ था। ऋण लेते समय बैजनाथ बघेल को जमानतदार बनाया गया, जिन्हें शिकायत में जितेंद्र का असली पिता बताया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



