जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेऊ में घर में घुसकर तीन लोगों के साथ ईंट के टुकड़े से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पप्पू सोनी (सोनवानी), पिता विष्णु सोनवानी (23 वर्ष), निवासी मेऊ, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। आरोप है कि आरोपी घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर से दीवार कूदकर पड़ोसी के घर में घुस गया। घर में मौजूद लोग जाग गए तो आरोपी ने ईंट के टुकड़े से प्रार्थी घुसऊराम टंडन, उनकी पत्नी और चैतीन बंजारे के साथ मारपीट की। घटना में तीनों को चोटें आईं। आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर पामगढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी और एएसआई प्रमोद महार का सराहनीय योगदान रहा।



