आरोपी के कब्जे से पासबुक एवं चेक जब्त
चांपा (संवाद साधना)। पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर नियमित राशि जमा करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले पोस्ट ऑफिस के एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने 150 खाताधारकों से 1 करोड से अधिक की ठगी की। आरोपी के कब्जे से पासबुक एवं चेक जब्त किए गए है।
इस संबंध में चांपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कान्तू पोस्ट ऑफिस के एजेंट के रूप में काम करता था। उसने कई खाताधारकों के आरडी खाते खुलवाए और 3 हजार रुपए मासिक जमा करने कलेक्शन करने के बाद पैसे जमा नहीं किए। खाताधारक चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने कृष्णकांत गुप्ता के खिलाफ पैसा लेने के बाद भी पोस्ट आफिस में जमा नहीं करने की शिकायत करते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। हेमंत ने पुलिस को बताया कि कृष्णकांत गुप्ता द्वारा पोस्ट ऑफिस में पैसा जमा करने पर अधिक लाभ मिलने का विश्वास दिलाकर आरडी खाता खुलवाया था। कृष्णकांत को उसने 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 तक 1 लाख 21 हजार 2 सौ रुपए जमा करने के नाम पर दिए, जिसकी एंट्री डायरी में की जाती थी। बाद में पोस्ट ऑफिस से प्राप्त जानकारी में खाते में मात्र 21 हजार जमा होना पाया गया। इस प्रकार 1 लाख 2 सौ रुपए की राशि खाते में जमा नहीं कर गबन एवं धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने चांपा निवासी 39 वर्षीय कृष्णकांत उर्फ कान्तू पिता राजेश गुप्ता के खिलाफ धारा 316(5), 318(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। कृष्णकांत गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में कृष्णकांत ने हेमंत की राशि खाते में जमा न कर गबन करने की बात स्वीकार की। साथ ही पोस्ट ऑफिस के लगभग 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात भी सामने आई। खाताधारकों से धोखाधड़ी कर लिए गए पैसों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने की बात सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने उक्त राशि को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश करने की बात बताई है। पुलिस द्वारा आरोपी से 3 नग मोबाइल, पासबुक एवं चेकबुक जब्त किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे एवं थाना स्टाफ चांपा का योगदान रहा।



