सिंघीतराई, सक्ती | 07 फरवरी वेदांता लिमिटेड छत्तीसगढ़ थर्मल पावर प्लांट (व्हीएलसीटीपीपी) द्वारा 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का आयोजन संयंत्र परिसर, वेदांता टाउनशिप एवं आसपास के विद्यालयों में किया गया, जिनसे 3500 से अधिक प्रतिभागी लाभान्वित हुए।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों को यातायात नियमों के पालन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नशीले पदार्थों के सेवन से बचने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘ड्राइव विद ए सेल्फी’ प्वाइंट पर अनेक भारी वाहन चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्हीएलसीटीपीपी संयंत्र परिसर में आने वाले वाहन चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कक्षाएं एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, साथ ही चालकों का अल्कोहल परीक्षण भी किया गया।
टाउनशिप में महिलाओं तथा आसपास स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा मशीन गार्डिंग पर आधारित विशेष सुरक्षा संकल्प दिवस, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियों में व्हीएलसीटीपीपी एवं उसके बिजनेस पार्टनर के अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
इस अवसर पर संयंत्र परिसर में एक सुरक्षा रैली का आयोजन किया गया, जिसे व्हीएलसीटीपीपी के मुख्य प्रचालन अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अपने संदेश में श्री पटेल ने कहा कि सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। व्हीएलसीटीपीपी का प्रत्येक सदस्य एक सेफ्टी स्टीवर्ड है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने सहकर्मियों और परिवारजनों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को असुरक्षित परिस्थिति में न करें तथा सुरक्षा को हर स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करें।
श्री पटेल ने आगे कहा कि सुरक्षा केवल एक नियम नहीं बल्कि एक सामाजिक दायित्व है। किसी दुर्घटना से केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है। इसलिए अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी समझते हुए प्रत्येक कार्य में सुरक्षा को सर्वोपरि रखना आवश्यक है।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित इन अभियानों की प्रतिभागियों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
वेदांता पावर के बारे में
वेदांता समूह भारत के सबसे बड़े निजी थर्मल ऊर्जा उत्पादकों में से एक है, जिसकी थर्मल पावर उत्पादन क्षमता 12,000 मेगावाट से अधिक है। देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में वेदांता पावर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
वेदांता पावर के संयंत्र मानसा, पंजाब (तलवंडी साबो पावर लिमिटेड), सिंघीतराई, छत्तीसगढ़ (वेदांता लिमिटेड छत्तीसगढ़ थर्मल पावर प्लांट), तिरुपति, आंध्र प्रदेश (मीनाक्षी एनर्जी लिमिटेड) तथा झारसुगुड़ा, ओडिशा (झारसुगुड़ा आईपीपी प्लांट) में स्थित हैं। इन संयंत्रों की कुल स्थापित क्षमता 4,780 मेगावाट है, जो देशभर में विभिन्न डिस्कॉम, उपयोगिताओं एवं उद्योगों को ऊर्जा उपलब्ध करा रही है।




