Saturday, February 7, 2026

Latest Posts

जांच अधिकारी पर दुर्भावनापूर्ण जांच के आरोप, पीड़िता को न्याय दिलाने सड़क पर उतरी महिला कांग्रेस

जांच अधिकारी पर दुर्भावनापूर्ण जांच के आरोप, पीड़िता को न्याय दिलाने सड़क पर उतरी महिला कांग्रेस

कोरबा। उन्नाव रेप केस 2017 में सामने आए नए खुलासों को लेकर राष्ट्रीय महिला कांग्रेस के निर्देश पर देशभर में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में कोरबा जिले में जिला महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी के नेतृत्व में ओपन थियेटर, घंटाघर के पास भाजपा का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि आठ वर्षों बाद इस प्रकरण में पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। पीड़िता का यह कहना कि जांच अधिकारी ने दुर्भावना एवं कपटपूर्ण तरीके से जांच की, ताकि आरोपियों को लाभ मिल सके, न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी ने कहा कि मुख्य आरोपी भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर के प्रभाव में आकर जांच को कमजोर किया गया। तथ्यों से छेड़छाड़ कर आरोपियों को लाभ पहुँचाने का प्रयास किया गया, जबकि पीड़िता और उसका परिवार वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पीड़िता ने स्वयं स्वीकार किया है कि उसे और उसके परिवार को अलग-अलग पक्षों से लगातार धमकियाँ मिल रही हैं।
श्रीमती द्विवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित और नारी सम्मान की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने
“नारी के सम्मान में कांग्रेस मैदान में”
“अत्याचारी को फांसी दो”
जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
👥 उपस्थित प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता
इस मौके पर पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, सुकसागर निर्मलकर, प्रदेश सचिव विकास सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, आरिफ खान, पालूराम साहु, मनहरण राठौर, रामकुमार राठौर, जवाहर निर्मलकर, पवन विश्वकर्मा, परमानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss