Road accident: नए साल की शुरुआत में सडक़ पर मातम
Road accident: रायपुर, राजधानी में नए साल के पहले ही दिन तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नतीजा सामने आया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड पर एक बेकाबू बोलेरो कार ने पहले स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मारी और फिर सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एक पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
Road accident: पीछे से टक्कर, फिर सामने से भिड़ंत
थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि बोलेरो कार तेज रफ्तार में थी। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सबसे पहले सडक़ पर चल रही स्विफ्ट डिजायर को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो और अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का पैर वाहन में फंसकर कट गया।
Road accident: घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक तरुण यादव और आरक्षक जेएस चंद्रवंशी ने घायल ई-रिक्शा चालक को तत्काल अस्पताल भिजवाया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी। हादसे के कारण वीआईपी रोड पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य कर दिया।
Road accident: लापरवाही और नशे की भी हो रही जांच
पुलिस ने बोलेरो, स्विफ्ट डिजायर और ई-रिक्शा तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। बोलेरो चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे में तो नहीं था।
Road accident: नए साल में यातायात नियमों की अनदेखी भारी
नए साल की शुरुआत में हुआ यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सडक़ पर जानलेवा साबित हो सकती है। सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों का पालन ही ऐसे हादसों को रोकने का एकमात्र उपाय है।




