LPG News: रायपुरः आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा प्रभावित हो सकती है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है, जिसमें गैस वितरक कमीशन और सेवा शुल्क में बढ़ोतरी की मांग शामिल है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो ६ नवंबर से सिलेंडर की होम डिलीवरी बंद कर दी जाएगी। रायपुर जिले में तीनों कंपनियों के ३ लाख से अधिक उपभोक्ता हैं, और यदि हड़ताल शुरू होती है, तो हजारों परिवारों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाएगा।
डिस्ट्रीब्यूटर्स ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से पेट्रोलियम मंत्रालय के सचिव को ज्ञापन भी सौंपा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए सेवा शुल्क और कमीशन में तुरंत संशोधन किया जाए। यदि उनकी माँगें नहीं मानी गईं, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी और होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह बंद हो जाएगी।
वितरकों के लिए सेवा देना मुश्किल
एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल के गैस वितरक कमीशन और सेवा शुल्क में बढ़ोतरी की मांग को लेकर आंदोलन पर हैं। उनका कहना है कि डीजल, कर्मचारियों की सैलरी और बिजली खर्च में भारी बढ़ोतरी के बावजूद कई वर्षों से उनका कमीशन नहीं बढ़ाया गया। इससे वितरकों के लिए सेवा देना मुश्किल हो गया है।
तीन चरणों में आंदोलन
डिस्ट्रीब्यूटर्स ने आंदोलन को तीन चरणों में चलाने का निर्णय लिया है—
1 पहला चरण: काली पट्टी बांधकर काम (शुरू हो चुका है)।
2 दूसरा चरण (29 अक्टूबर): शाम 7 बजे जिला मुख्यालयों पर मशाल और मोमबत्ती जलाकर विरोध प्रदर्शन।
3 तीसरा चरण (6 नवंबर): नो मनी, नो इंडेंट नीति लागू होगी यानी न एडवांस राशि ली जाएगी, न सिलेंडर की बुकिंग होगी।



