Latest Posts

साइंस कॉलेज हॉस्टल में देर रात बाहरी युवकों ने हॉस्टल में घुसकर छात्रों से मारपीट की, तीन घायल, मोबाइल लूटकर फरार

 

रायपुर,(संवाद साधना)। राजधानी के शासकीय साइंस कॉलेज के छात्रावास में कुछ बाहरी युवक घुस गए और छात्रों से मारपीट कर दी। इस हमले में तीन छात्र घायल हो गए। आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि एक छात्र का मोबाइल छीनकर फरार भी हो गए। वारदात के बाद छात्र आक्रोशित हो उठे और देर रात सरस्वती नगर थाने पहुंचकर सुरक्षा की मांग की।

हॉस्टल परिसर में घुसे बाहरी युवक
कॉलेज प्राचार्य अमिताभ बैनर्जी ने बताया कि घटना रात करीब 11 बजे की है। कुछ बाहरी युवक हॉस्टल परिसर में आ गए और छात्रों से झगड़ा करने लगे। विवाद के दौरान उन्होंने हॉस्टल में तोडफ़ोड़ भी की। मारपीट में घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। छात्रों का कहना है कि बाहरी युवकों की मनमानी अब आम बात बन चुकी है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन और पुलिस को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि छात्र सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें।

लघुशंका करने से रोका तो हुआ विवाद
हॉस्टल के छात्रों के मुताबिक कुछ युवक कॉलेज परिसर के बाहर खुले में लघुशंका कर रहे थे। छात्रों ने उन्हें मना किया तो वे बहस पर उतर आए। मामला बढ़ा तो वे युवक हॉस्टल के भीतर घुस गए और छात्रों पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक छात्र ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और मौके से भाग निकले।

छात्रों की सुरक्षा पर उठे सवाल
कॉलेज हॉस्टल के अंदर घुसे बाहरी युवकों की हरकतों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब असामाजिक तत्व रात में हॉस्टल परिसर के आसपास घूमते देखे गए हों। वे अक्सर शराब पीते हैं और गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर विवाद करते हैं। छात्रों ने मांग की है कि परिसर में रात के समय सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाई जाए और पुलिस गश्त नियमित हो।

पुलिस जांच में जुटी
सरस्वती नगर थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

 

 

Latest Posts

Don't Miss