रायपुर, (संवाद साधना)। राजधानी और आसपास के इलाकों में पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब और असामाजिक गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए इन अभियानों में कई लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें से अधिकांश अपने ठेला और आम जगहों पर अवैध शराब बेचते या पीते हुए मिले। डीडी नगर क्षेत्र में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इंद्रप्रस्थ और चांगोराभाठा इलाकों में ठेला लगाकर शराब बेचने वालों को पकड़ा गया, वहीं टिकरापारा बीएसयूपी कॉलोनी में भी इसी तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई गई। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आरोपी से 13 पाव अंग्रेजी शराब और नकद रकम जब्त की गई। उरला इलाके में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां पुलिस ने 60 पाव देसी शराब और नकदी बरामद की।
टिकरापारा थाना क्षेत्र में दो बार दबिश दी गई। यहां आरोपियों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरंग और विधानसभा थाना क्षेत्र में भी ठेले पर शराब सप्लाई करने वालों को गिरफ्तार किया गया। केवल शराब ही नहीं, बल्कि हथियारबंदी पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। नेवरा थाना क्षेत्र में बेमता गौठान चौक के पास से एक आरोपी के कब्जे से अवैध चाकू जब्त किया गया।



