रायपुर, संवाद साधना। साइंस कॉलेज में शनिवार को परीक्षा परिणाम से नाराज छात्रों ने जोरदार हंगामा किया। प्रिंसिपल के दफ्तर के भीतर घुसकर नारेबाजी की गई। हाल ही में घोषित नतीजों में दूसरे और पांचवें सेमेस्टर को मिलाकर करीब 355 छात्र फेल और एटीकेटी में आ गए, जिससे आक्रोश बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। छात्रों का आरोप है कि रिजल्ट में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच ठीक से नहीं हुई और ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी खामियों के कारण भी अंक प्रभावित हुए हैं। छात्रों की मांग है कि कॉपियों की पुन: जांच कराई जाए और तकनीकी दिक्कतों को तुरंत दूर किया जाए। हंगामे के बाद साइंस कॉलेज के प्रिंसिपल अमिताभ बैनर्जी ने आश्वासन दिया कि छात्रों की शिकायतों का समाधान तीन दिन के भीतर कर दिया जाएगा। उन्होंने माना कि ऑनलाइन रिजल्ट में तकनीकी गलती हो सकती है, जिसकी जांच करवाई जाएगी। इसी तरह का मामला गरियाबंद जिले के देवभोग स्थित पंडित श्याम शंकर मिश्रा महाविद्यालय में भी सामने आया, जहां प्रैक्टिकल परीक्षा में अनुपस्थित दिखाकर 30 से अधिक छात्रों को फेल कर दिया गया। इसके विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया।



